2027 में पिछली बार से बड़ी जीत दर्ज करेगी भाजपा, पेपर लीक माफिया पर होगी निर्णायक चोट रोहित मिश्रा

2027 में पिछली बार से बड़ी जीत दर्ज करेगी भाजपा, पेपर लीक माफिया पर होगी निर्णायक चोट रोहित मिश्रा
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद रोहित मिश्रा ने आईएएनएस को दिए अपने पहले विस्तृत साक्षात्कार में संगठन की प्राथमिकताओं, युवाओं से जुड़े मुद्दों, आगामी राजनीतिक रणनीति और विपक्ष के आरोपों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कानून-व्यवस्था, रोजगार, पेपर लीक, जातीय राजनीति, 2027 के विधानसभा चुनाव और भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों सहित कई समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से जवाब दिए।

लखनऊ, 3 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद रोहित मिश्रा ने आईएएनएस को दिए अपने पहले विस्तृत साक्षात्कार में संगठन की प्राथमिकताओं, युवाओं से जुड़े मुद्दों, आगामी राजनीतिक रणनीति और विपक्ष के आरोपों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कानून-व्यवस्था, रोजगार, पेपर लीक, जातीय राजनीति, 2027 के विधानसभा चुनाव और भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों सहित कई समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से जवाब दिए।

पेपर लीक और बेरोजगारी से लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव, ब्राह्मण समाज, समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान, निजी आरोपों और राम मंदिर चढ़ावा विवाद तक उन्होंने बेबाकी से अपनी बात रखी। उनका कहना है कि योगी सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रही है, जबकि संगठन 2027 के चुनाव के लिए बूथ स्तर तक नई रणनीति के साथ उतरने की तैयारी में है। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश—

प्रश्न: पेपर लीक की घटनाओं और बेरोजगारी को लेकर युवा काफी निराश हैं। विपक्ष लगातार इसे बड़ा मुद्दा बना रहा है। आपकी रणनीति क्या होगी?

उत्तर: यह निश्चित रूप से बड़ा मुद्दा है। पेपर लीक केवल एक घटना नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों पर चोट है। सरकार ने इसके खिलाफ कठोर नीतियां बनाई हैं। सपा सरकार के समय पेपर लीक माफिया का बड़ा नेटवर्क तैयार हुआ था, जिसे योगी सरकार लगातार तोड़ रही है। हमारी प्राथमिकता है कि कोई भी परीक्षा प्रभावित न हो और योग्य अभ्यर्थियों को पूरी पारदर्शिता के साथ अवसर मिले।

प्रश्न: बेरोजगारी को लेकर भी विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। युवाओं के लिए आपकी क्या योजना है?

उत्तर: रोजगार के दो प्रमुख माध्यम हैं- सरकारी रोजगार और स्वरोजगार। सरकार दोनों पर समान रूप से काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विजन है कि युवा आत्मनिर्भर बने। भाजयुमो गांव-गांव शिविर लगाकर सरकार की योजनाओं को युवाओं तक पहुंचाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ सकें।

प्रश्न: नई भाजयुमो प्रदेश टीम को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है। आप इसे कैसे देखते हैं?

उत्तर: इससे बेहतर और संतुलित टीम बन ही नहीं सकती थी। हर वर्ग, समाज और क्षेत्र को प्रतिनिधित्व मिला है। यह टीम प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में 2027 के लक्ष्य को पूरी ताकत के साथ हासिल करेगी।

प्रश्न: सोशल मीडिया पर फर्जी प्रमाणपत्र और अन्य निजी आरोप लगाए जा रहे हैं। इस पर आपका क्या कहना है?

उत्तर: विरोधियों के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। वर्ष 2003 में मेरा गंभीर सड़क हादसा हुआ था, जिसमें मेरे बाएं पैर की हड्डियां टूट गई थीं और ऑपरेशन हुआ था। उसी मेडिकल रिकॉर्ड को भी विवाद का विषय बनाया जा रहा है। मैं ऐसे निराधार आरोपों का जवाब देकर समय बर्बाद नहीं करना चाहता।

प्रश्न: लोकसभा चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिली। 2027 में ऐसा क्या बदलेगा कि भाजपा फिर सरकार बनाएगी?

उत्तर: लोकसभा चुनाव में संविधान बदलने का झूठा नैरेटिव फैलाकर जनता को भ्रमित किया गया। हमारी कमी सिर्फ इतनी रही कि हम समय पर सच्चाई उतनी प्रभावी ढंग से लोगों तक नहीं पहुंचा सके। अब युवा मोर्चा बूथ स्तर तक पूरी ताकत से काम करेगा। 2027 में भाजपा पिछली दोनों विधानसभा चुनावों से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।

प्रश्न: विपक्ष आरोप लगाता है कि भाजपा में ब्राह्मण समाज का सम्मान नहीं है।

उत्तर: विपक्ष के लिए जातियां केवल वोट बैंक हैं। भाजपा में ब्राह्मण समाज हमेशा वैचारिक नेतृत्व की भूमिका में रहा है। हमारी पार्टी सभी समाजों को समान सम्मान और अवसर देती है। विपक्ष पहले अपने गिरेबान में झांके।

प्रश्न: समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान को आप कैसे देखते हैं?

उत्तर: पीडीए सिर्फ नया चुनावी नारा है। समाजवादी पार्टी अब अपने नाम पर वोट मांगने से बच रही है। जनता उनके शासन को भ्रष्टाचार, अव्यवस्था, बालू माफिया, भूमि माफिया और कानून-व्यवस्था की बदहाली के लिए याद करती है। जनता नारों से नहीं, काम के आधार पर फैसला करती है।

प्रश्न: राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर आपका क्या कहना है?

उत्तर : यह करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है। सरकार ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू कर दी है। यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या लापरवाही सामने आती है तो दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सरकार किसी भी दोषी को बख्शने वाली नहीं है।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 July 2026 12:51 PM IST

Tags

Next Story