मध्य प्रदेश 34 दिन बाद कब्र से निकाला गया बुजुर्ग का शव, जमीन विवाद में हत्या की आशंका

मध्य प्रदेश 34 दिन बाद कब्र से निकाला गया बुजुर्ग का शव, जमीन विवाद में हत्या की आशंका
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ग्राम बदौराकला में एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। करीब 34 दिन पहले हुई 65-70 वर्षीय राजदेव खंगार की मौत के बाद शुक्रवार को प्रशासन के आदेश पर शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

छतरपुर, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ग्राम बदौराकला में एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। करीब 34 दिन पहले हुई 65-70 वर्षीय राजदेव खंगार की मौत के बाद शुक्रवार को प्रशासन के आदेश पर शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक के भतीजे सुनील खंगार ने शुरुआत से ही इस मौत को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया था कि उनके चाचा को जहर देकर मारा गया है। उन्होंने 25 मार्च को एसपी, कलेक्टर और डीआईजी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत दी थी। बावजूद इसके जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे भोपाल जाकर डीजीपी से भी गुहार लगा चुके हैं।

परिजनों का आरोप है कि जब वे प्रकाश बम्होरी थाना पहुंचे, तो थाना प्रभारी ने उनकी बात तक नहीं सुनी और उनका आवेदन फेंक दिया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों से साठगांठ कर पोस्टमार्टम नहीं कराया और जल्दबाजी में शव को दफना दिया। परिजनों के मुताबिक, 21 मार्च को गांव के भानुप्रताप यादव, उनके पुत्र अभिषेक यादव और छोटू यादव राजदेव को अपने साथ ले गए थे। अगले दिन वे शव लेकर लौटे और मौत की सूचना दी। इसके बाद बिना किसी मेडिकल जांच या पोस्टमार्टम के ही शव को दफना दिया गया, जिससे संदेह और गहरा गया।

पुलिस का कहना है कि मृतक की गोद ली गई बेटी ने बयान दिया है कि राजदेव खंगार ने खुद जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उस समय पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।

एसडीओपी नवीन दुबे के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक के पास 4-5 एकड़ जमीन थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। केवल गोद ली हुई बेटी उनके साथ रहती थी, जिससे संपत्ति को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम कराकर बिसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। अब सभी की नजरें रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस पूरे मामले में पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 April 2026 9:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story