कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, चालक की मौत, महिलाएं-बच्चों सहित पांच घायल
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। रिंग रोड स्थित नारंग आई हॉस्पिटल के पास एक सड़क दुर्घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को रिंग रोड के पास हुए सड़क हादसे की जानकारी पीसीआर को मिली थी। हादसे की जानकारी होते ही पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई की।
पुलिस की ओर से बताया गया कि शुरुआती जांच में पता चला कि शाम करीब छह बजे एक आई20 कार की टक्कर एक बैटरी रिक्शा से हो गई, जिससे रिक्शा पलट गया। इस घटना में रिक्शा चालक और पांच यात्री घायल हो गए। कार चालक ने तुरंत सभी घायलों को अपनी गाड़ी से विनायक अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान, रिक्शा चालक नागेंद्र (36 वर्ष) की चोटों के कारण मृत्यु हो गई। जबकि दो महिलाएं और तीन बच्चे इलाज करा रहे हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
टक्कर मारने वाले वाहन के चालक की पहचान डॉ. सिद्धार्थ के रूप में हुई है। वे रोहिणी के निवासी हैं और वर्तमान में जीबी पंत अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट (रेडियोलॉजिस्ट) के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस ने बताया कि उनका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। टक्कर मारने वाले वाहन को जब्त कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
बता दें कि एक दिन पहले 23 अप्रैल को दिल्ली के पूर्वी जिले के शकरपुर थाना क्षेत्र में विकास मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और तीन लोग घायल हो गए थे। यह हादसा बुधवार-गुरुवार मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे गीता कॉलोनी कट विकास मार्ग पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात 1:50 बजे पीसीआर कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। बताया गया कि सभी घायलों को हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया है और आरोपी चालक को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 April 2026 11:30 PM IST












