पंजाब के संगरूर में 4 नवंबर को कांग्रेस की बड़ी रैली, राहुल गांधी होंगे शामिल विजय इंदर सिंगला

संगरूर, 1 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 नवम्बर को पंजाब में एक रैली को संबोधित करने वाले हैं। इसे लेकर पंजाब के संगरूर में तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान राहुल गांधी पंजाब सरकार पर कानून-व्यवस्था और ड्रग्स को लेकर निशाना साध सकते हैं।
आईएएनएस से बातचीत के दौरान विजय इंदर सिंगला ने कहा कि संगरूर में 4 नवम्बर को सुबह 10 बजे कांग्रेस की रैली होगी। इसमें राहुल गांधी शामिल होंगे। यह एक ऐतिहासिक रैली होगी और 2027 विधानसभा चुनाव का आगाज होगा। पंजाब के मुद्दों से हम सभी वाकिफ हैं। पंजाब और पंजाब के लोग ऐसा पंजाब नहीं चाहते थे, जैसा पंजाब आज हमारे सामने है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले 5 वर्षों में जिस तरह से काम किया है, उससे ड्रग्स का नशा घर-घर तक पहुंच गया है। कानून-व्यवस्था की स्थिति हम सभी देख रहे हैं। गैंगस्टर फिरौती मांग रहे हैं। पुलिसकर्मियों समेत आम लोगों की दिनदहाड़े हत्या की जा रही है। ये सभी मुद्दे हैं, जो जनता के सामने हैं।
उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बकरियों, मुर्गियों और फसलों आदि का मुआवजा देने, रोजगार उपलब्ध कराने और लोगों के मन में उम्मीद जगाने की बात कही गई थी लेकिन 5 वर्षों में यह सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। हाल ही में दो विधायक आम आदमी पार्टी छोड़कर जा चुके हैं और न जाने कितने अन्य जाने वाले हैं।
विजय इंदर सिंगला ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी 10 से अधिक सीटें नहीं जीत पाएगी। कांग्रेस पंजाब को एक अच्छा शासन देगी, जिसमें युवाओं का बेहतर भविष्य सुनिश्चित होगा। ड्रग्स पर रोक लगाने के लिए हम कठोर कदम उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस को खुलकर काम नहीं करने दिया जा रहा है। राजनीतिक लोगों द्वारा उस पर दबाव बनाया जा रहा है या फिर उसके कामकाज में हस्तक्षेप किया जा रहा है। पंजाब की हालत नाजुक हो चुकी है। 4 नवम्बर को इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस फगूवाला गांव में सभा करने वाली है। यह 2027 विधानसभा चुनाव का आगाज भी होगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को आज सुरक्षा की जरूरत पड़ रही है। दरअसल, पंजाब को सुरक्षित बनाए जाने की आवश्यकता है। ड्रग्स को बढ़ावा मिल रहा है। भाजपा, अकाली दल और आम आदमी पार्टी ड्रग्स रोकने में असफल रहे हैं। ड्रग्स के खिलाफ भाजपा की यात्रा में लोग नहीं गए क्योंकि वे इन सबकी सच्चाई जानते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
