5 बार आईपीएल पारी की पहली गेंद पर सफलता, मोहम्मद शमी के नाम बड़ा रिकॉर्ड

5 बार आईपीएल पारी की पहली गेंद पर सफलता, मोहम्मद शमी के नाम बड़ा रिकॉर्ड
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। शमी 5 बार आईपीएल पारी की पहली गेंद पर विकेट हासिल करने वाले इकलौते गेंदबाज बन गए हैं।

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। शमी 5 बार आईपीएल पारी की पहली गेंद पर विकेट हासिल करने वाले इकलौते गेंदबाज बन गए हैं।

इस लिस्ट में प्रवीण कुमार, उमेश यादव, ट्रेंट बोल्ट, लसिथ मलिंगा, भुवनेश्वर कुमार, अशोक डिंडा और पैट कमिंस संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 3-3 बार ऐसा किया है।

बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स 18.4 ओवरों में महज 141 रन पर सिमट गई। इस टीम को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में झटका लगा। इसके बाद मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की।

मिचेल मार्श 28 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टीम ने 71 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे। यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन, जबकि शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन जुटाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

अब्दुल समद 25 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद ने नाबाद 15 रन बनाए। 14 रन का योगदान मुकुल चौधरी ने टीम के खाते में दिया। टीम 18.4 ओवरों में महज 141 रन पर सिमट गई। विपक्षी खेमे से लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट हासिल किए। कुलदीप यादव ने 2 विकेट निकाले। 1 विकेट अक्षर पटेल के हाथ लगा।

142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने पारी की पहली ही गेंद पर केएल राहुल (0) का विकेट गंवा दिया। मोहम्मद शमी ने केएल राहुल को मोहसिन खान के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद टीम ने 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए, लेकिन यहां से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ टीम को संभाल लिया।

खबर लिखे जाने तक दिल्ली कैपिटल्स ने 11 ओवरों की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 83 रन बना लिए हैं। यहां से टीम को जीत के लिए 54 गेंदों में 59 रन की दरकार है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 April 2026 10:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story