74 साल की बुजुर्ग महिला का हौसला देख दंग रह गए अनुपम खेर, बोले-बच्चों ने साथ नहीं रखा, फिर भी नहीं टूटी हिम्मत

74 साल की बुजुर्ग महिला का हौसला देख दंग रह गए अनुपम खेर, बोले-बच्चों ने साथ नहीं रखा, फिर भी नहीं टूटी हिम्मत
अनुपम खेर बॉलीवुड के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जो अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी बेबाकी से अपनी बात रखते हैं। वह अक्सर जिंदगी, रिश्तों और समाज से जुड़े ऐसे किस्से साझा करते हैं, जो लोगों को भावुक करने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर देते हैं। अब अनुपम खेर ने एक 74 साल की बुजुर्ग महिला का वीडियो शेयर किया है, जिसकी कहानी ने खुद अभिनेता को भी भावुक कर दिया।

मुंबई, 10 अगस्त (आईएएनएस)। अनुपम खेर बॉलीवुड के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जो अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी बेबाकी से अपनी बात रखते हैं। वह अक्सर जिंदगी, रिश्तों और समाज से जुड़े ऐसे किस्से साझा करते हैं, जो लोगों को भावुक करने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर देते हैं। अब अनुपम खेर ने एक 74 साल की बुजुर्ग महिला का वीडियो शेयर किया है, जिसकी कहानी ने खुद अभिनेता को भी भावुक कर दिया।

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक बुजुर्ग महिला का वीडियो पोस्ट किया। इस बुजुर्ग महिला से उनकी मुलाकात फिल्म 'खोसला का घोसला 2' की शूटिंग के दौरान हुई। वह उस समय फिल्म की शूटिंग में जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम कर रही थीं। बातचीत के दौरान अनुपम खेर ने उनकी जिंदगी के बारे में जानने की कोशिश की, तो महिला ने बताया कि उनके पति अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनके बच्चे हैं, लेकिन उन्हें अपने साथ नहीं रखते। पति के जाने के बाद उन्हें अपने घर से अलग होकर अकेले रहना पड़ रहा है। आज वह एक बहुत छोटी जगह में रहती हैं।

वीडियो के कैप्शन में अनुपम खेर ने लिखा, ''मैं यह वीडियो बहुत जिम्मेदारी और बहुत दुख के साथ शेयर कर रहा हूं। कुछ दिन पहले मैंने एक खबर देखी। सोनीपत में एक बुजुर्ग व्यक्ति का निधन हो गया। उनकी तीन बेटियां हैं, जो दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहती हैं, लेकिन पिता की अंतिम यात्रा में कोई नहीं आया। उन्होंने वीडियो कॉल पर अंतिम संस्कार देखा और कहा कि पैसे भेज देंगे। कुछ दिन पहले 'खोसला का घोसला 2' की शूटिंग के दौरान मेरी मुलाकात एक 74 साल की महिला से हुई। वो हमारे साथ एक सीन में जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम कर रही थीं।''

उन्होंने लिखा, ''बातों-बातों में मैंने उनसे उनकी जिंदगी के बारे में पूछा। उन्होंने जो बताया, वो मेरे दिल में रह गया। उनके पति अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनके बच्चे है, लेकिन बच्चों ने उन्हें अपने साथ नहीं रखा। उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा। आज वो अकेली एक बहुत छोटी-सी जगह में रहती हैं, जिसे वो खुद हंसकर 'चूहा घर' कहती हैं लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात 74 साल की उम्र में उनकी हिम्मत थी।''

अनुपम खेर ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर अकेले रहना आसान नहीं होता। पति का साथ नहीं है और बच्चे भी साथ नहीं रहते, इसके बावजूद महिला जिंदगी को लेकर शिकायत करती नजर नहीं आईं।

अनुपम खेर की इस पोस्ट पर लोगों की जमकर प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने बुजुर्ग महिला की हिम्मत की तारीफ करते हुए लिखा कि इतनी उम्र में भी उनका जिंदगी को लेकर सकारात्मक रहना बहुत बड़ी बात है। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि माता-पिता ने बच्चों को पूरी जिंदगी दी, इसलिए बुढ़ापे में उन्हें अकेला छोड़ना सही नहीं है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Aug 2026 12:43 PM IST

Tags

Next Story