पिता बिशन सिंह बेदी को याद कर भावुक हुए अंगद, 80वें जन्मदिन पर लिखा इमोशनल पोस्ट
मुंबई, 25 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता अंगद बेदी ने शुक्रवार को अपने पिता व भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और महान स्पिन गेंदबाज बिशन सिंह बेदी के जन्मदिन पर उन्हें याद किया। अभिनेता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पिता को परिवार और जिंदगी की उथल-पुथल के बारे में बताया।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर पिता के साथ कुछ वीडियो पोस्ट किए, जिसमें उनके पिता बिशन बेदी द्वारा परिवार के साथ बिताए गए पल शामिल हैं।
अभिनेता ने लिखा, "पापा को 80वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामानएं। उम्मीद है कि आप जहां भी हैं, शांति से होंगे। मेहर और गुरिक अच्छे से बड़े हो रहे हैं। गुरिक को क्रिकेट और फुटबॉल का शौक चढ़ा है और मेहर स्विमिंग और एथलेटिक्स में खूब मेहनत कर रही है और नेहा भी ठीक है। सुहावी गुश पा के मार्गदर्शन में अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है। आपको बताना चाहता था कि आपकी पत्नी आज आपकी किताब लॉन्च कर रही हैं और उन्होंने पूरे कार्यक्रम को अपने दम पर संभालते हुए शानदार काम किया है, जिसका श्रेय उन्हें मिलना चाहिए.. गौतम भी ठीक है।"
उन्होंने आगे लिखा, "हम आपको हर दिन याद करते हैं, आज का दिन बस थोड़ा ज्यादा खास है। मैं आपको बहुत मिस करता हूं और आपको यह जानकर खुशी होगी कि मैं अभी भी दौड़ रहा हूं। काफी समय हो गया आपको अपडेट दिए हुए..हम नए घर में शिफ्ट हो गए हैं.. और क्या!!! हां बाकी सब अभी भी वैसा ही है, ओह एक और बात..मैंने आपके नाम को अपने नाम में जोड़ लिया है..जल्द बात करते हैं...आपका बेटा..अंगद बिशन सिंह बेदी।"
बिशन सिंह बेदी भारत के महानतम बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजों में से एक थे, जिन्होंने 1960 और 1970 के दशक में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयां दीं। वे अपनी रंगीन पगड़ी और क्रिकेट मामलों पर बेबाक तथा स्पष्ट राय रखने के लिए जाने जाते थे।
बिशन सिंह बेदी प्रसिद्ध भारतीय स्पिन चौकड़ी (बेदी, प्रसन्ना, चंद्रशेखर और वेंकटराघवन) के प्रमुख सदस्य थे। उन्होंने अपनी फ्लाइट और सटीक नियंत्रण से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया। साल 2023 में उम्र संबंधी बीमारियों के कारण बिशन सिंह बेदी का निधन हो गया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 11:30 AM IST












