87 साल की उम्र में रेमंड ग्रुप के पूर्व चेयरमैन पद्म भूषण डॉ. विजयपत सिंघानिया का निधन

87 साल की उम्र में रेमंड ग्रुप के पूर्व चेयरमैन पद्म भूषण डॉ. विजयपत सिंघानिया का निधन
रेमंड ग्रुप के पूर्व एमडी और पद्म भूषण से सम्मानित उद्योगपति विजयपत सिंघानिया का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके बेटे गौतम सिंघानिया ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि की। उनका अंतिम संस्कार कल, 29 मार्च 2026 को किया जाएगा।

मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। रेमंड ग्रुप के पूर्व एमडी और पद्म भूषण से सम्मानित उद्योगपति विजयपत सिंघानिया का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके बेटे गौतम सिंघानिया ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि की। उनका अंतिम संस्कार कल, 29 मार्च 2026 को किया जाएगा।

गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स लिखा, “गहरे दुख और शोक के साथ हम पद्म भूषण डॉ. विजयपत कैलाशपत सिंघानिया के निधन की सूचना दे रहे हैं।” उन्होंने अपने पिता को एक दूरदर्शी नेता, समाजसेवी और प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताया, जिनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

उनका अंतिम संस्कार रविवार को मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर किया जाएगा। परिवार और मित्रों से दोपहर 1:30 बजे एल.डी. रुपारेल मार्ग स्थित हवेली में एकत्र होने का अनुरोध किया गया है।

विजयपत सिंघानिया को एक बड़े उद्योगपति के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने रेमंड ग्रुप को एक मजबूत और प्रतिष्ठित कंपनी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने करीब दो दशकों तक कंपनी का नेतृत्व किया और वर्ष 2000 तक चेयरमैन रहे। इसके बाद उन्होंने कंपनी की जिम्मेदारी अपने बेटे गौतम सिंघानिया को सौंप दी और अपनी 37 प्रतिशत हिस्सेदारी भी उन्हें दे दी।

विजयपत सिंघानिया और गौतम सिंघानिया के बीच कुछ साल पहले कानूनी विवाद भी हुए थे, हालांकि बाद में यह मामला सुलझ गया था।

1938 में जन्मे विजयपत सिंघानिया एक सफल उद्योगपति होने के साथ-साथ एक एविएटर भी थे। भारत सरकार ने उनके योगदान को देखते हुए उन्हें 2006 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था। इसके अलावा, उन्हें लंदन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च से मानद पीएचडी भी मिली थी।

भारतीय वायुसेना ने उन्हें 1994 में मानद एयर कमोडोर नियुक्त किया था, और वर्ष 2006 में वे मुंबई के शेरिफ भी रहे। वर्तमान में, गौतम सिंघानिया रेमंड ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। बता दें कि रेमंड ग्रुप एक भारतीय ब्रांडेड कपड़ा और फैशन रिटेलर है, जिसकी स्थापना 1925 में हुई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 March 2026 11:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story