आज युवा बेरोजगारी से परेशान, रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी श्याम रजक
पटना, 28 जून (आईएएनएस)। जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक श्याम रजक ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार द्वारा जो जांच के आदेश दिए गए हैं, उस पर उन्हें पूरा भरोसा है। जांच के बाद सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।
श्याम रजक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रशासन निष्पक्ष रूप से कार्य कर रहा है। सरकार का मॉडल स्पष्ट है कि न किसी को फंसाया जाता है और न किसी को बचाया जाता है। यदि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह पुलिस विभाग से हो या किसी अन्य क्षेत्र से, दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून के तहत उसे दंडित किया जाएगा।
राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर भी श्याम रजक ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आस्था का विषय है और यदि इस पर किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न होता है तो यह पूरे समाज की भावनाओं को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर किसी भी प्रकार की चोरी, लूट या अपराध स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के समय से ही लगातार विवाद और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। दान और निर्माण प्रक्रिया से जुड़े मामलों में भी कई बार गंभीर आरोप लगे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। श्याम रजक ने मांग की कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए ताकि समयबद्ध तरीके से सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तेफे को लेकर कहा कि केवल इस्तीफा देना समाधान नहीं है, बल्कि जांच ही असली समाधान है।
अरविंद केजरीवाल द्वारा अमृतसर में माता सीता और लव-कुश मंदिर बनाने की घोषणा पर भी श्याम रजक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सभी को भगवान के प्रति आस्था है, लेकिन देश में सबसे बड़ा मुद्दा गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार है, जिस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी और अवसरों की कमी से परेशान हैं, जबकि उन्हें सही दिशा और रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि देश का इतिहास महापुरुषों और क्रांतिकारियों से भरा हुआ है, जिन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, डॉ. राम मनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण जैसे नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी ने राष्ट्र निर्माण और सामाजिक परिवर्तन के लिए काम किया, चाहे वह पक्ष में हो या विपक्ष में।
श्याम रजक ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि देश में गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मूलभूत मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाए। उनका कहना है कि युवाओं को सही दिशा देना और उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में शामिल करना समय की मांग है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 1:26 PM IST












