'उम्र कम होने से कोई नेता नहीं बन जाता', आकाश आनंद के ‘अंकल’ वाले बयान पर कांग्रेस का पलटवार

लखनऊ, 11 अगस्त (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती के भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की ओर से राहुल गांधी को 'अंकल' कहे जाने और संविधान को लेकर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने आकाश आनंद को निशाने पर लेते हुए कहा कि केवल उम्र कम होने से कोई युवाओं और छात्रों का नेता नहीं बन जाता। युवाओं के मुद्दों पर बोलने और उनके लिए संघर्ष करने से ही नेतृत्व साबित होता है।
अंशु अवस्थी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अगर आकाश आनंद खुद को युवाओं और छात्रों का नेता मानते हैं तो उन्हें पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों-युवाओं पर कथित लाठीचार्ज और गोली चलाए जाने जैसे मुद्दों पर भी बोलना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर आकाश आनंद चुप रहते हैं। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी लंबे समय तक बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के विचारों को अपना आधार बताती रही है। ऐसे में बाबा साहब आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान को लेकर अपमानजनक टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता अंशु अवस्थी ने कहा कि कम से कम भारत के संविधान का अपमान मत करिए। कांग्रेस और राहुल गांधी के बहाने संविधान को अपमानित मत करिए। उन्होंने दावा किया कि संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी खड़े हुए और जब भाजपा पर संविधान बदलने की कोशिश के आरोप लगे, तब कांग्रेस ने इसके खिलाफ आवाज उठाई।
उन्होंने आकाश आनंद से सवाल किया कि यदि वह भी भाजपा पर संविधान बदलने का आरोप लगाने वालों की तरह ही बात कर रहे हैं, तो फिर बसपा और भाजपा के बीच अंतर क्या रह जाता है? राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन संविधान और उसके मूल्यों का सम्मान सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
अंशु अवस्थी ने कहा कि युवाओं की राजनीति केवल उम्र के आधार पर नहीं होती, बल्कि उनके सवालों को उठाने और उनके हक के लिए संघर्ष करने से होती है। उन्होंने आकाश आनंद पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के वास्तविक मुद्दों से दूरी बनाकर केवल राहुल गांधी और कांग्रेस पर टिप्पणी करने से कोई युवा नेतृत्व स्थापित नहीं होता।
ज्ञात हो कि बसपा नेता आकाश आनंद ने हाल ही में राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए दोनों को ‘अंकल’ बताया था और कहा था कि वे युवाओं के नेता नहीं रह गए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Aug 2026 12:19 PM IST











