'आप' विधायक ने मस्जिद पर मदनी के बयान का किया बचाव, सरकार पर धर्म की राजनीति करने का लगाया आरोप

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के उस बयान पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि तोड़ी गई मस्जिदों में दोबारा अजान शुरू होगी। मदनी के इस बयान के बाद कई राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के मटिया महल से आम आदमी पार्टी के विधायक आले मोहम्मद इकबाल ने मौलाना मदनी के बयान का बचाव किया है।
आईएएनएस से बातचीत में विधायक इकबाल ने कहा, "मदनी ने कुछ गलत नहीं कहा है। उन्होंने कहा कि ये कोई नई बनी मस्जिदें नहीं हैं, जो आज बनाई गई हों। आज की हुकूमत 50 साल, 100 साल और आजादी से भी पहले की पुरानी मस्जिदों को निशाना बना रही है।"
इकबाल ने उदाहरण देते हुए कहा कि रेस कोर्स वाली मस्जिद लगभग 300 साल पुरानी है। उन्होंने सवाल उठाया, "मस्जिदों और मंदिरों को लेकर राजनीति कब तक चलती रहेगी। देश आगे बढ़ना चाहता है और लोगों को शिक्षा, रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों पर ध्यान चाहिए। हजारों युवा आज नौकरियों की बात कर रहे हैं, लेकिन सरकार देश को मस्जिदों की राजनीति में उलझा रही है।"
विधायक ने कहा, "जो मस्जिद है, वह हमेशा मस्जिद रहेगी, लेकिन जो नेता हैं, वह कल नहीं रहेंगे। किसी की आस्था से खेलकर धर्म और मजहब की राजनीति करना गलत है और देश का हर इंसान इससे ऊपर उठ चुका है।"
उन्होंने सरकार से अपील की कि उसे मस्जिद की राजनीति बंद करनी चाहिए और देश के विकास पर ध्यान देना चाहिए।
आले मोहम्मद इकबाल ने कहा, "आज देश को अमेरिका के बराबर खड़ा होना है, चीन से आगे निकलना है, लेकिन हमें धर्म की राजनीति में घेर दिया गया है। जब तक दुनिया है, तब तक इस्लाम है। उसके बाद भी इस्लाम है। सभी को धर्म की राजनीति से ऊपर उठना चाहिए। मस्जिद को सिर्फ सियासी शिकार बनाया जा रहा है। देश रोजगार, महंगाई की बात कर रहा है। देश के दुश्मनों से लड़ना है, न कि आपस के लोगों से लड़ना है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
