पंजाब विधानसभा चुनाव चुनाव आयोग ने तैयारियों की समीक्षा की, सभी जिलों को पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था के निर्देश

पंजाब विधानसभा चुनाव चुनाव आयोग ने तैयारियों की समीक्षा की, सभी जिलों को पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था के निर्देश
आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग ने अपनी समीक्षा प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ), पंजाब कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, चुनावी तैयारियों की व्यापक समीक्षा के दूसरे दिन भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के सभी जिलों की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया।

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग ने अपनी समीक्षा प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ), पंजाब कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, चुनावी तैयारियों की व्यापक समीक्षा के दूसरे दिन भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के सभी जिलों की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया।

प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त पवन कुमार शर्मा, उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल और महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना शामिल रहे।

बैठक के दौरान राज्य के सभी 23 जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में चुनाव तैयारियों की स्थिति, व्यवस्थाओं और सुरक्षा योजनाओं पर प्रस्तुति दी।

चुनाव आयोग के अधिकारियों ने चुनाव से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने, आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने, चुनाव पूर्व गतिविधियों को समय पर पूरा करने तथा कानून-व्यवस्था और प्रवर्तन संबंधी तैयारियों को मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब ने आयोग को आश्वस्त किया कि चुनाव से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरे किए जाएंगे, ताकि राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और समावेशी चुनाव सुनिश्चित किए जा सकें।

इससे पहले चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी और विभिन्न केंद्रीय व राज्य प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का आकलन किया था।

साथ ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वोटर वेरीफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की जांच प्रक्रिया को लेकर प्रथम स्तरीय जांच कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। इसमें अधिकारियों को तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में बताया गया कि राज्यभर में 12 नवंबर से ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग शुरू होगी। यह प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाएगी और इसकी प्रतिदिन निगरानी संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा की जाएगी।

भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के विशेषज्ञों ने अधिकारियों को ईवीएम और वीवीपैट की तकनीकी जांच से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story