आपसी विवाद में खूनी संघर्ष, भतीजे ने चाचा को घोंपा चाकू, हालत गंभीर
गोपालगंज, 18 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज से रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद में खूनी संघर्ष की वारदात को अंजाम दिया गया है।
दरअसल, दो महिलाओं के बीच हो रही मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे चाचा पर भतीजे ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पेट में तीन जगह चाकू लगने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
घटना मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मंगलपुर गांव की है। बताया जाता है कि मंगलपुर गांव में बीती रात दो महिलाओं के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद मारपीट में बदल गई। इसी दौरान बीच-बचाव करने के लिए एक व्यक्ति, जो रिश्ते में चाचा बताया जा रहा है, मौके पर पहुंचे तो भतीजे ने गुस्से में आकर अपने ही चाचा पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद घायल की हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
इस पूरे मामले पर सदर एसडीपीओ 2 राजेश कुमार ने बताया कि यह घटना आपसी विवाद के कारण हुई है, जिसमें भतीजे ने अपने ही चाचा पर चाकू से हमला किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। एक बार फिर यह घटना दर्शाती है कि छोटी-छोटी पारिवारिक या आपसी विवाद किस तरह गंभीर अपराध में बदल जाते हैं। जरूरत है समय रहते विवाद को सुलझाने की, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 7:54 PM IST












