'अब सुरक्षित सीमा का पर्याय बन रहा है सिलीगुड़ी कॉरिडोर', गृह मंत्री शाह ने बीएसएफ जवानों से किया संवाद

अब सुरक्षित सीमा का पर्याय बन रहा है सिलीगुड़ी कॉरिडोर, गृह मंत्री शाह ने बीएसएफ जवानों से किया संवाद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित जुमागाछ सीमा चौकी (बीओपी) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से मुलाकात की, सीमा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई आधुनिक सीमा सुरक्षा परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

सिलीगुड़ी, 18 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित जुमागाछ सीमा चौकी (बीओपी) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से मुलाकात की, सीमा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई आधुनिक सीमा सुरक्षा परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "बीएसएफ का शौर्य भारत की सीमाओं का अजेय सुरक्षा कवच है। जुमागाछ सीमा चौकी पर हाई-टी के दौरान बीएसएफ के वीर जवानों से संवाद कर खुशी हुई।"

उन्होंने बताया कि प्रहरी सम्मेलन के दौरान बीएसएफ की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। साथ ही घुसपैठिया चेतावनी प्रणाली, रेडियो आधारित बाड़ भेदन पहचान प्रणाली, गेट मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर और नई डिजाइन की बाड़ पर लगाए गए स्वदेशी बॉर्डर सिक्योरिटी सिस्टम की प्रदर्शनी का अवलोकन कर सीमा पर तैनात जवानों की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की।

गृह मंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक उपकरणों और आधुनिक अलर्ट सिस्टम से लैस भारत की सीमाएं अब आधुनिक सीमा सुरक्षा का आदर्श उदाहरण बन रही हैं।

उन्होंने सिलीगुड़ी कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा, "जो सिलीगुड़ी कॉरिडोर पहले की सरकारों के समय घुसपैठ का गलियारा बन गया था, वह अब सुरक्षित सीमा का पर्याय बन रहा है।"

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बीएसएफ की उत्तर बंगाल सीमांत की 18वीं वाहिनी के जुमागाछ बीओपी स्थित वॉच टावर से सीमा निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में केवल वॉच टावरों की संख्या ही नहीं बढ़ाई है, बल्कि उन्हें अत्याधुनिक तकनीक से भी लैस किया है, जिससे सीमा सुरक्षा पहले की तुलना में अधिक मजबूत और अभेद्य हुई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सीमाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और आधुनिक तकनीक के उपयोग के जरिए देश की सीमाओं को और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 July 2026 9:18 PM IST

Tags

Next Story