आईपीएल 2026 एसआरएच ने बनाया पावरप्ले का अपना संयुक्त चौथा सबसे बड़ा स्कोर
कोलकाता, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की भिड़ंत ईडन गार्डन्स के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ हो रही है। गुरुवार को इस मैच में अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर एसआरएच ने आईपीएल इतिहास का अपना संयुक्त रूप से चौथा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर बनाया।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने जबरदस्त शुरुआत दी। हेड और अभिषेक बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने पावरप्ले में जमकर चौके-छक्के लगाए। हेड ने महज 21 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। एसआरएच ने छह ओवर के पावरप्ले में एक विकेट खोकर 84 रन बनाए, जो आईपीएल के पावरप्ले में टीम का संयुक्त रूप से चौथा सबसे बड़ा स्कोर है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए शुरुआती 6 ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए 125 रन बनाए थे, जो इस लीग के इतिहास में टीम का पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, 2024 में ही लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एसआरएच ने पावरप्ले में 107 रन बनाए थे। साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद ने एक विकेट खोकर पावरप्ले में 94 रन जुटाए थे, जो एसआरएच का पावरप्ले में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, साल 2024 में पंजाब किंग्स के खिलाफ एसआरएच ने पावरप्ले में 2 विकेट खोकर 84 रन जोड़े थे।
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ यह (एक विकेट खोकर 84 रन) पावरप्ले में बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। केकेआर के खिलाफ छह ओवर के पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम दर्ज है। पंजाब ने साल 2024 में केकेआर के खिलाफ पावरप्ले में एक विकेट गंवाकर 93 रन बनाए थे।
सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2026 के अपने पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 201 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे। हालांकि, टीम के गेंदबाज 202 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। आरसीबी ने लक्ष्य को 15.4 ओवर में हासिल कर लिया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 8:34 PM IST











