'मां शैलपुत्री के चरणों में नमन', केंद्रीय मंत्री गडकरी और सीएम योगी समेत नेताओं ने दी नवरात्र की शुभकामनाएं

मां शैलपुत्री के चरणों में नमन, केंद्रीय मंत्री गडकरी और सीएम योगी समेत नेताओं ने दी नवरात्र की शुभकामनाएं
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं।

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "नवरात्रि के पहले दिन आज मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा का विधान है। मां शैलपुत्री को कोटि-कोटि वंदन। देवी मां सभी को संयम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करें।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा गया, "मां भगवती जगदंबा की उपासना के पावन पर्व 'शारदीय नवरात्रि' की सभी श्रद्धालुओं व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मां सभी के जीवन को सुख, समृद्धि, आरोग्यता और सौभाग्य के आशीर्वाद से अभिसिंचित करें, यही प्रार्थना है।"

सीएम योगी की ओर से एक और पोस्ट में लिखा गया, "शक्ति की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर आदिशक्ति मां शैलपुत्री के चरणों में नमन। मां की असीम कृपा से सभी के जीवन में आत्मबल, धैर्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो, समस्त जगत में शांति, सद्भाव व समृद्धि का विस्तार हो और हर घर सुख-मंगल से आलोकित रहे।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "शक्ति की आराधना, श्रद्धा और भक्ति के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक मंगलकामनाएं! मां जगदंबा की कृपा से प्रदेश में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली का वास हो और राजस्थान विकास, शांति एवं जनकल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "आदिशक्ति मां दुर्गा की उपासना के महापर्व शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना को समर्पित नवरात्रि के प्रथम दिवस पर मां भगवती से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करता हूं।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया, "आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि की समस्त दिल्लीवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मां भगवती के शुभ आगमन से दिल्ली का हर घर भक्ति, आनंद और मंगलमय वातावरण से भर उठे। माता रानी की असीम कृपा से हर परिवार में सुख-शांति, आरोग्य और समृद्धि का वास हो। सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों, यही मां के श्रीचरणों में प्रार्थना है।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने लिखा, "आदिशक्ति मां भगवती की आराधना के पावन महापर्व शारदीय नवरात्रि पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! जगत जननी मां भगवती की कृपा से समस्त देश एवं प्रदेशवासियों का जीवन सुख, समृद्धि और मंगलमयता से परिपूर्ण हो, यही प्रार्थना है।"

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "नवरात्रोत्सवाच्या हार्दिक शुभेच्छा!"

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आप सभी को जगत-जननी, आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना-उपासना के पावन महापर्व शारदीय नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। मां जगदंबा से आपके उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि एवं वैभवपूर्ण जीवन की मंगलकामना है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Oct 2026 7:43 AM IST

Tags

Next Story