लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने किया नमन और दी श्रद्धांजलि

लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने किया नमन और दी श्रद्धांजलि
भारत रत्न' लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, मनोहर लाल से लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा तक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नमन किया और उनके संपूर्ण क्रांति के आह्वान को याद किया।

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत रत्न' लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, मनोहर लाल से लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा तक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नमन किया और उनके संपूर्ण क्रांति के आह्वान को याद किया।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पोस्ट में कहा, "भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए 'सम्पूर्ण क्रांति' का आह्वान करने वाले राजनीति के युगपुरुष, 'भारत रत्न,' लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं! आपके प्रखर विचार और आदर्श जीवन सदैव भावी पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।"

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट किया, "आजीवन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित 'सम्पूर्ण क्रांति’ के प्रणेता, भारत रत्न, 'लोकनायक' जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। चाहे वह देश का स्वतंत्रता आंदोलन हो या फिर 1975 का दमनकारी आपातकाल, उन्होंने जनता को जनतंत्र की शक्ति का बोध कराया और लोकतंत्र की पुनर्स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। आपके प्रखर विचार और आदर्श जीवन आज भी हर भारतीय को लोकतंत्र की रक्षा हेतु मार्गदर्शन देता है।"

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, "लोकनायक जयप्रकाश नारायण लोकतांत्रिक मूल्यों के और सामाजिक समरसता के प्रतीक थे। लोकतंत्र के काले अध्याय आपातकाल के विरुद्ध उनका संपूर्ण क्रांति का बिगुल सभी के लिए हमेशा प्रेरणा का केंद्र बना रहेगा। आज उनकी जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।"

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक्स पर लिखा, "मैं भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। एक निडर स्वतंत्रता सेनानी और दूरदर्शी नेता के तौर पर, उन्होंने 'भारत छोड़ो आंदोलन' में अहम भूमिका निभाई और बाद में आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की एक सशक्त आवाज बने। उनका साहस, जनसेवा के प्रति समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों में अटूट विश्वास पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।"

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने एक्स पर पोस्ट किया, "प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी, ‘भारत रत्न’ से अलंकृत लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! राष्ट्र और समाज के प्रति उनका समर्पित जीवन जनअधिकारों, लोकतांत्रिक चेतना और सामाजिक परिवर्तन के लिए उनके दृढ़ संकल्प का प्रतीक रहा। उनके विचार और आदर्श आज भी लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहते हुए जनहित के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, "प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी, ‘भारत रत्न’ से अलंकृत लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन!राष्ट्र और समाज के प्रति उनका समर्पित जीवन जनअधिकारों, लोकतांत्रिक चेतना और सामाजिक परिवर्तन के लिए उनके दृढ़ संकल्प का प्रतीक रहा। उनके विचार और आदर्श आज भी लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहते हुए जनहित के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया, "राष्ट्रनिष्ठा, त्याग और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट समर्पण के प्रतीक, ‘संपूर्ण क्रांति’ के प्रणेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर कोटिशः नमन। जब कांग्रेस ने आपातकाल थोपकर देश की स्वतंत्र चेतना और नागरिक अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया, तब लोकनायक ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनजागरण का शंखनाद किया। उनके आह्वान पर युवाशक्ति, समाज के विभिन्न वर्गों और राष्ट्रनिष्ठ संगठनों ने एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा का ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि संगठित समाज, जागृत जनशक्ति और राष्ट्र के प्रति निःस्वार्थ समर्पण ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, "महान स्वतंत्रता सेनानी, भारतीय राजनीति के युगपुरुष, 'भारत रत्न', 'लोकनायक' जयप्रकाश नारायण की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।'आपातकाल' के कठिन दौर में उनकी आवाज लोकतांत्रिक चेतना का सशक्त स्वर बनी। उनका निर्भीक संघर्ष एवं त्यागमय जीवन हमें सत्ता से ऊपर संविधान, पद से ऊपर सिद्धांत और स्वयं से ऊपर राष्ट्रहित रखने की प्रेरणा देता है।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजवादी विचारक और प्रखर जननेता 'भारत रत्न' लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर कोटिशः नमन। लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, जन अधिकारों और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित आपका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।"

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पोस्ट में कहा, "भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रबल समर्थक, भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, त्याग और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं लोकतंत्र के सशक्त संवाहक ‘भारत रत्न’ लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! सामाजिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन लाने के लिए उन्होंने ‘सम्पूर्ण क्रांति’ आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका संपूर्ण जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Oct 2026 9:23 AM IST

Tags

Next Story