अफगानिस्तान ड्रग और हथियार तस्करों के खिलाफ सुरक्षा बलों का सफल अभियान, बड़ी खेप जब्त
काबुल, 2 अगस्त (आईएएनएस)। अफगान सुरक्षा बलों ने शनिवार को पूर्वी खोस्त प्रांत में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक ऑपरेशन के दौरान गैर-कानूनी ड्रग्स की एक बड़ी खेप जब्त की। शनिवार को ही नंगरहार प्रांत में हथियार तस्करी की कोशिश को भी नाकाम किया गया था। अफगानिस्तान में नशे और अवैध हथियारों की तस्करी को रोकने का अभियान पिछले कुछ महीनों से जारी है।
सिन्हुआ ने खोस्त पुलिस के प्रवक्ता ताहिर अहरार के हवाले से बताया कि एक सूचना के आधार पर चलाए गए इस ऑपरेशन में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया और उस गाड़ी को जब्त किया गया जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर ड्रग्स की ढुलाई के लिए किया गया था। प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच चल रही है।
अफगान सुरक्षा बलों ने पूर्वी नंगरहार प्रांत में हथियार तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है और अलग-अलग तरह की 24 असॉल्ट राइफलें बरामद की हैं। प्रांतीय सरकार ने रविवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
बयान के अनुसार ये हथियार पड़ोसी मुल्क से चोरी-छिपे लाए जा रहे थे। सुरक्षा कर्मियों ने तोरखम बॉर्डर क्रॉसिंग पर इसकी बरामदगी की।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने सुरक्षा बलों के हवाले से बताया कि हथियार एक गाड़ी के अंदर छिपाए गए थे। अधिकारियों ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि इस घटना के सिलसिले में किसी व्यक्ति को हिरासत में लिया गया या नहीं।
यह ऑपरेशन अफगान सरकार के उस बड़े अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत सुरक्षा बल आम लोगों के पास किसी भी तरह के गोला-बारूद की मौजूदगी पर नकेल कसते हैं और बॉर्डर इलाकों के जरिए हथियारों की तस्करी को रोकते हैं।
पहली बार नहीं है कि अफगान बॉर्डर पर इस तरह की बरामदगी हुई हो। इससे पहले 29 जुलाई को, पुलिस ने अफगानिस्तान के पूर्वी लगमान प्रांत में गैर-कानूनी तरीके से हथियार रखने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया था और उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किए थे।
प्रांतीय पुलिस के प्रवक्ता मोहम्मद यूनुस यूसुफजई ने इस बारे में पूरी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि दोनों लोगों को दौलत शाह जिले में गिरफ्तार किया गया और उनके पास से पांच कलाश्निकोव असॉल्ट राइफल, तीन हैंड ग्रेनेड और सैकड़ों गोलियां और प्रोजेक्टाइल समेत काफी हथियार मिले।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Aug 2026 6:49 PM IST












