अमेरिका-ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद पश्चिम एशिया जाने वाली 10,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं केंद्र

अमेरिका-ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद पश्चिम एशिया जाने वाली 10,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं  केंद्र
अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से पश्चिम एशिया जाने वाली 10,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं। यह जानकारी मंगलवार को नागर विमानन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा दी गई।

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से पश्चिम एशिया जाने वाली 10,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं। यह जानकारी मंगलवार को नागर विमानन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा दी गई।

नागर विमानन मंत्रालय में संयुक्त सचिव असंगबा चुबा आआ ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि युद्ध शुरू होने से पहले भारतीय विमानन कंपनियां पश्चिम एशिया के लिए करीब 300-350 उड़ानें प्रतिदिन संचालित करती थीं और अब इनकी संख्या घटकर 80-90 पर आ गई है।

अमेरिका, इजरायल द्वारा ईरान पर 28 फरवरी को हमला किया गया था, जिसके बाद ईरान ने जवाबी हमले किए। इसके बाद से पूरे मध्य पूर्व में तनाव जारी है।

वरिष्ठ अधिकारी ने आगे कहा कि पूरे क्षेत्र में चुनौती होने के बावजूद भारतीय विमानन कंपनियां लगातार काम कर रही हैं और कार्गो मूवमेंट भी लगातार जारी है। एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद भी सरकार ने सुनिश्चित किया है कि घरेलू बाजार में विमानों के किराए में इजाफा न हो।

साथ ही उन्होंने बताया कि नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) ने पायलटों के लिए कुछ नियमों में छूट दी है और सरकार सभी पक्षकारों से लगातार बातचीत कर रही है।

ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में विमानों को लंबे मार्ग अपनाने पड़ रहे हैं, इसलिए डीजीसीए ने अस्थायी रूप से एयरलाइंस को लंबी दूरी की उड़ानों के पायलटों के लिए उड़ान ड्यूटी समय बढ़ाने की अनुमति दे दी है।

सरकार ने कहा कि पायलटों के उड़ान ड्यूटी समय सीमा (एफडीटीएल) के नियम में ढील इसलिए दी गई है क्योंकि मध्य पूर्व देशों द्वारा हवाई क्षेत्र बंद किए जाने के कारण उड़ानों के लिए आवश्यक लंबे उड़ान घंटों से एयरलाइंस को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

थकान को रोकने के लिए, जो उड़ान सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करती है, पायलटों के उड़ान समय पर सीमा लगाने के लिए डीजीसीए ने पिछले वर्ष नए उड़ान ड्यूटी नियम लागू किए थे। नए नियमों के अनुसार, पायलटों को 48 घंटे का निरंतर आराम दिया जाना अनिवार्य है, जो पहले के नियमों में निर्धारित 36 घंटे से अधिक है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 April 2026 5:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story