अगर हम ऐसे खेलते रहे, तो टॉप-4 में जगह नहीं बना पाएंगे रियान पराग

नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। लगातार तीसरी हार से आरआर के कप्तान रियान पराग खासा निराश नजर आए। उन्होंने कहा कि अगर हम ऐसे ही खेलते रहे, तो प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाएंगे।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार के बाद रियान ने कहा, "मुझे लगता है कि अगर हम ट्रॉफी जीतना चाहते हैं, अगर हम हर साल मुकाबला करना चाहते हैं, तो हमको इस मैच में किए गए प्रदर्शन से बेहतर खेल दिखाना होगा। बहुत निराश हूं। मुझे लगता है कि हमने पिछले चार-पांच मुकाबलों में जैसा प्रदर्शन किया है, उससे हम कहीं ज्यादा बेहतर टीम हैं। हालांकि, ब्रेक से आने के बाद मुझे लगता है कि आज हमने जो एनर्जी, स्किल और एग्जीक्यूशन दिखाया है, वह जाहिर तौर पर वैसा नहीं है। अगर हम ऐसे ही खेलते रहे, तो हम टॉप चार की रेस में नहीं होंगे।"
यशराज पुंजा ने केएल राहुल का उस वक्त कैच छोड़ा, जब वह खाता तक नहीं खोल सके थे। इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी और खुद रियान पराग ने भी फील्डिंग में काफी गलतियां कीं। हालांकि, इसके बावजूद आरआर अंतिम ओवरों पर मैच में बनी हुई थी। आखिरी के 3 ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 35 रनों की जरूरत थी। अक्षर पटेल क्रीज पर सेट थे, जबकि डेविड मिलर क्रीज पर आए थे। दासुन शनाका और एडम मिल्ने के ओवर बचे होने पर भी कप्तान पराय ने गेंद डोनोवन फरेरा के हाथों में थमाई। रियान का यह दांव पूरी तरह से उल्टा पड़ गया और अक्षर-मिलर ने इस ओवर से 16 रन बटोरे और मैच डीसी के पक्ष में झुक गया।
फरेरा से पारी का 18वां ओवर करने के फैसले पर बात करते हुए रियान ने कहा, "यह कोई जुआ नहीं था। मुझे पता है कि टीवी पर यह एक जुआ जैसा दिखता है, लेकिन फिर आपके पास क्रीज पर दो बाएं हाथ के बल्लेबाज थे। मैं शनाका से एक और ओवर करवाने की बजाय डोनोवन से गेंदबाजी करवाना और एक मौका लेना पसंद करूंगा।" बैटिंग के दौरान राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी सात ओवर में छह विकेट खोकर सिर्फ 41 रन बनाए। 14 ओवर के बाद टीम का स्कोर 160/2 था। 15वें ओवर में स्टार्क ने टीम को तीन बड़े झटके दिए, जिसमें कप्तान रियान पराग का विकेट भी शामिल रहा।
कप्तान रियान के अनुसार, आरआर के बल्लेबाज उनके आउट होने के बाद सेट प्लेटफॉर्म का फायदा उठाने में नाकाम रहे उन्होंने कहा, "पराग ने कहा, "यह स्कोर 220-230 होना चाहिए था। वहीं, जहां तक गेंदबाजी की बात है, मुझे लगता है कि हमारा प्रदर्शन काफी खराब रहा। हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 11:26 AM IST












