अगले सप्ताह अपने भविष्य पर फैसला लूंंगा, अमेरिकी फुटबॉल टीम के कोच पोचेटिनो का बयान
नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका पुरुष फुटबॉल टीम के मुख्य कोच मौरिसियो पोचेटिनो ने संकेत दिया है कि वह अगले सप्ताह अपने भविष्य को लेकर अंतिम फैसला करेंगे। फीफा विश्व कप में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद अमेरिकी फुटबॉल महासंघ उन्हें मुख्य कोच के पद पर बनाए रखना चाहता है।
मौरिसियो पोचेटिनो का मौजूदा अनुबंध विश्व कप 2026 के बाद समाप्त हो रहा है। हालांकि, अमेरिकी फुटबॉल महासंघ ने उन्हें नया चार वर्षीय अनुबंध देने की पेशकश की है। नए अनुंबध के तहत वह 2030 फीफा विश्व कप तक टीम के मुख्य कोच बने रह सकते हैं।
स्पेनिश रेडियो स्टेशन ‘कैडेना कोप’ से बातचीत में पोचेटिनो ने कहा कि वह इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "अमेरिकी फुटबॉल ने मुझे काम जारी रखने का प्रस्ताव दिया है। हम इस पर विचार कर रहे हैं और अगले सप्ताह अपने भविष्य को लेकर अंतिम निर्णय लेंगे।"
विश्व कप में अमेरिका का अभियान उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। मेजबान होने के बावजूद टीम राउंड ऑफ 16 में बेल्जियम से 4-1 की करारी हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इस हार के बाद पोचेटिनो के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। उन्होंने भी तब कहा था कि वह जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करेंगे और पहले पूरे अभियान का आकलन करेंगे।
दो वर्ष पहले अमेरिका की राष्ट्रीय टीम की कमान संभालने वाले अर्जेंटीना के 54 वर्ष के पोचेटिनो यूरोपीय क्लब फुटबॉल के सबसे सफल कोचों में गिने जाते हैं। उनका नाम हाल ही में इटली के क्लब एसी मिलान से भी जोड़ा गया था, लेकिन क्लब ने अंततः किसी अन्य कोच की नियुक्ति कर दी। इसके बाद से पोचेटिनो का पूरा ध्यान अमेरिकी फुटबॉल महासंघ के साथ चल रही बातचीत पर केंद्रित है। अब सभी की नजरें अगले सप्ताह होने वाले फैसले पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि पोचेटिनो अमेरिकी फुटबॉल टीम के साथ अपना सफर जारी रखेंगे या किसी नई चुनौती की ओर कदम बढ़ाएंगे।
अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता के बावजूद पोचेटिनो फीफा विश्व कप फाइनल को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनका मानना है कि यह मुकाबला आधुनिक फुटबॉल के सबसे यादगार और उच्च स्तर के मैचों में से एक होगा। उन्हें विश्वास है कि यह मुकाबला फुटबॉल इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण मैचों में शामिल होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 9:38 PM IST












