एयर इंडिया फ्लाइट टर्बुलेंस मामला सभी 13 यात्री अस्पताल से डिस्चार्ज, 4 क्रू सदस्य अब भी इलाजरत

एयर इंडिया फ्लाइट टर्बुलेंस मामला सभी 13 यात्री अस्पताल से डिस्चार्ज, 4 क्रू सदस्य अब भी इलाजरत
फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान एआई2379 में अचानक आए तेज टर्बुलेंस के बाद घायल हुए सभी 13 यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, घायल चार क्रू सदस्य अभी भी इलाजरत हैं। एयर इंडिया ने बुधवार शाम जारी अपडेट में कहा कि उसकी टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं और प्रभावित यात्रियों व क्रू को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान एआई2379 में अचानक आए तेज टर्बुलेंस के बाद घायल हुए सभी 13 यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, घायल चार क्रू सदस्य अभी भी इलाजरत हैं। एयर इंडिया ने बुधवार शाम जारी अपडेट में कहा कि उसकी टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं और प्रभावित यात्रियों व क्रू को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

एयर इंडिया के अनुसार, एयरबस विमान में 137 यात्री और आठ क्रू सदस्य सवार थे। 4 अगस्त को उड़ान के दौरान हुई घटना में 13 यात्री और चार क्रू सदस्य घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब सभी 13 यात्रियों को छुट्टी मिल चुकी है, जबकि चारों क्रू सदस्यों का इलाज जारी है।

इस बीच, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि उड़ान के दौरान करीब चार से पांच मिनट तक अचानक तेज टर्बुलेंस आया था, जिससे कई यात्री और क्रू सदस्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि विमान के दिल्ली पहुंचते ही एयरपोर्ट स्टाफ ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और जरूरतमंद यात्रियों को बिना देरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

मंत्री ने बताया कि सात यात्रियों को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिन्हें अब छुट्टी दे दी गई है। वहीं, दो मामूली रूप से घायल यात्रियों का फोर्टिस अस्पताल में इलाज किया गया और उन्हें भी डिस्चार्ज कर दिया गया। चारों घायल क्रू सदस्यों का इलाज फोर्टिस अस्पताल में जारी है।

राम मोहन नायडू ने क्रू की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं घायल होने के बावजूद यात्रियों की हरसंभव सहायता की। उन्होंने विशेष रूप से महिला क्रू सदस्यों के साहस और समर्पण की प्रशंसा की।

उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को रीढ़, टेलबोन (रीढ़ के निचले हिस्से) और गर्दन में चोटें आई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने जांच शुरू कर दी है। संबंधित विमान को अलग हैंगर में रखा गया है और उसके डेटा रिकॉर्डर तथा कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) की जांच की जा रही है।

मंत्री ने कहा कि जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उड़ान के दौरान यह घटना किन परिस्थितियों में हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।

एयर इंडिया ने भी दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच पूरी होने तक वह संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करती रहेगी। साथ ही प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Aug 2026 6:47 PM IST

Tags

Next Story