बाबूलाल मरांडी ने रांची में आंदोलनकारी छात्रों से की मुलाकात, बोले- भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच हो
रांची, 5 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र से पहले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। करीब 15 मिनट तक छात्रों से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और भारतीय जनता पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उनके साथ खड़ी रहेगी।
मरांडी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि झारखंड में यह केवल पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि नौकरियां बेचने का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती समेत कई परीक्षाओं में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उनके अनुसार, केवल 14वीं जेपीएससी परीक्षा ही नहीं, बल्कि पिछले छह वर्षों में आयोग की ओर से कराई गई सभी परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग है कि विवादित परीक्षाओं को रद्द कर पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और इससे कम पर वे तैयार नहीं हैं। भाजपा भी इसी मांग का समर्थन करती है और विधानसभा के मानसून सत्र में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएगी। मरांडी ने आरोप लगाया कि उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा और जेएसएससी की कुछ परीक्षाओं में चुनिंदा अभ्यर्थियों को पहले से प्रश्न और उत्तर याद कराए गए।
उन्होंने यह भी दावा किया कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा में लंबे समय तक कटऑफ अंक सार्वजनिक नहीं किए गए और बाद में जारी कटऑफ से चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए। नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी के अध्यक्ष, सचिव और परीक्षा नियंत्रक को तत्काल हटाया जाए। पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर छात्रों की उपेक्षा का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के बीच छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने उनसे संवाद करने या उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की गंभीर पहल नहीं की है।
इस दौरान भाजपा के कई विधायक और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, मनोज यादव, नागेंद्र महतो, डॉ. नीरा यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, अमित यादव, शत्रुघ्न महतो, उज्ज्वल दास, मंजू कुमारी, प्रदीप प्रसाद, पूर्णिमा साहू, आजसू विधायक निर्मल महतो, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही और प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी समेत अन्य नेता शामिल थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Aug 2026 7:08 PM IST












