- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- वन्यजीवों की सुरक्षा और वन संरक्षण...
पवई न्यूज: वन्यजीवों की सुरक्षा और वन संरक्षण रहेगी पहली प्राथमिकता

डिजिटल डेस्क पन्ना पवई| वन्यजीवों की सुरक्षा और वन संरक्षण रहेगी पहली प्राथमिकता पवई। पवई वन परिक्षेत्र के नवपदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी पंकज दुबे ने बुधवार को स्थानीय पत्रकारों से अनौपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वन विभाग की प्राथमिकताओं और वन संरक्षण को लेकर अपनी कार्ययोजना साझा की।गौरतलब है कि मध्य प्रदेश वन विभाग द्वारा हाल ही में जारी स्थानांतरण आदेश के तहत अजयगढ़ वन परिक्षेत्र से पंकज दुबे का स्थानांतरण पवई किया गया था, जबकि यहां पदस्थ रहे वन परिक्षेत्र अधिकारी नीतेश पटेल को सागर जिले की बंडा तहसील भेजा गया है। दुबे कुछ दिन पूर्व पवई वन परिक्षेत्र का कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं। पत्रकारों से अनोपचारिक चर्चा के दौरान पंकज दुबे ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा, अवैध वृक्ष कटाई पर प्रभावी रोक, वन भूमि से अतिक्रमण हटाना तथा वन क्षेत्र से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वन और वन्यजीव प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आमजन से भी वन संरक्षण में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पृथ्वी पर जितना अधिकार मनुष्य का है, उतना ही वन्यजीवों का भी है। इसलिए वन संपदा और वन्यजीवों को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचाएं तथा उनके संरक्षण में सहभागी बनें।
Created On :   5 Aug 2026 7:38 PM IST
Next Story











