पवई न्यूज: आदेश सख्त, अमल ढीला: पवई की सड़कों पर अब भी बैठ रहा गौवंश,

आदेश सख्त, अमल ढीला: पवई की सड़कों पर अब भी बैठ रहा गौवंश,
हर दिन हादसों का खतरा

डिजिटल डेस्क पवई। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और आमजन के साथ गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने भले ही सख्त प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हों, लेकिन पवई नगर में इन आदेशों का असर धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा। नगर की मुख्य सड़कों पर शाम होते ही बड़ी संख्या में गौवंश बैठ जाता है। इससे हर दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और राहगीरों के साथ वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ** ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत 15 जुलाई 2026 से दो माह के लिए जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे, प्रमुख जिला मार्ग, ग्राम सड़कों और शहरी क्षेत्रों की सड़कों पर पशुओं एवं गौवंश को खुले में छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया था। आदेश में स्पष्ट किया गया था कि पशुपालक अपने मवेशियों को अपने परिसर में ही रखें तथा उन्हें सार्वजनिक सड़कों पर नहीं आने दें।

इसके साथ ही जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ, सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायकों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे निराश्रित गौवंश को 15 दिन के भीतर निकटतम गौशाला में पहुंचाने के निर्देश दिए गए थे। पशुपालन विभाग को भी गौशालाओं के निरीक्षण, टैगिंग और निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

इसके बावजूद पवई की तस्वीर बदली नहीं है। नगर की मुख्य सड़कें हर शाम गौवंश का ठिकाना बन जाती हैं। सड़क के बीच बैठे मवेशियों के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं। रात के समय यह स्थिति और खतरनाक हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते जिम्मेदार विभागों ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंधात्मक आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाए, सड़कों से गौवंश हटाकर उन्हें सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले पशुपालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


Created On :   1 Aug 2026 7:56 PM IST

Tags

Next Story