ऐतिहासिक समारोह में सोमालीलैंड के पहले राजदूत का इजरायल ने किया स्वागत, राष्ट्रपति हर्जोग से की मुलाकात

ऐतिहासिक समारोह में सोमालीलैंड के पहले राजदूत का इजरायल ने किया स्वागत, राष्ट्रपति हर्जोग से की मुलाकात
इजरायल में सोमालीलैंड के पहले राजदूत मोहम्मद हाजी का ऐतिहासिक समारोह में स्वागत किया गया। यरुशलम में राजदूत मोहम्मद हाजी ने राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग को अपने राजनयिक प्रमाण-पत्र सौंपते हुए कहा कि इजरायल और सोमालीलैंड के बीच संबंध “रणनीतिक” हैं।

तेल अवीव/यरुशलम, 18 मई (आईएएनएस)। इजरायल में सोमालीलैंड के पहले राजदूत मोहम्मद हाजी का ऐतिहासिक समारोह में स्वागत किया गया। यरुशलम में राजदूत मोहम्मद हाजी ने राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग को अपने राजनयिक प्रमाण-पत्र सौंपते हुए कहा कि इजरायल और सोमालीलैंड के बीच संबंध “रणनीतिक” हैं।

राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, हाजी ने कहा, “हमने एक मजबूत संबंध बनाया है, जो रणनीतिक प्रकृति का है और विकास, राजनीतिक सहयोग, सुरक्षा सहयोग तथा लोगों के बीच संबंधों समेत कई क्षेत्रों में आगे का रास्ता खोलेगा।”

उन्होंने कहा कि सोमालीलैंड के लोग इजरायल के शुक्रगुजार हैं कि 1960 में वो उन कुछेक देशों में शामिल था जिसने सोमालीलैंड को मान्यता दी थी। हाजी ने यह भी कहा कि स्वतंत्रता और संप्रभुता के 35 वर्षों बाद भी इजरायल ने फिर सबसे पहले सोमालीलैंड को मान्यता दी।

हाजी ने कहा, “हमारा रिश्ता केवल दो सरकारों के बीच नहीं, बल्कि इजरायल और सोमालीलैंड के लोगों के बीच भी है। सोमालीलैंड में कई जगहों पर लोग इजरायली झंडे लहराते दिखाई देते हैं, चाहे शहर हों या ग्रामीण इलाके।”

विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी हाजी से मुलाकात की। सार ने कहा कि उन्होंने सोमालीलैंड के स्वतंत्रता दिवस पर हाजी को बधाई दी। सार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं सोमालीलैंड के साथ संबंधों को और मजबूत करता रहूंगा।”

इसी साल 26 अप्रैल को इजरायली कैबिनेट ने माइकल लोटेम को सोमालीलैंड के लिए देश का पहला राजदूत नियुक्त करने को मंजूरी दी थी।

विदेश मंत्री गिदोन सार ने 15 अप्रैल को लोटेम के नाम की घोषणा की थी। सोमालीलैंड, 1991 में सोमालिया से अलग हुआ और उसने खुद को आजाद देश घोषित कर दिया था। इसे अब तक अधिकांश देशों ने मान्यता नहीं दी है।

कई मुस्लिम बहुल देशों-जिनमें सऊदी अरब, तुर्की, मिस्र, बांग्लादेश, पाकिस्तान, और इंडोनेशिया जैसे देश शामिल हैं-ने भी संयुक्त बयान जारी कर इजरायल के इस कदम की निंदा की थी और इसे सोमालिया की संप्रभुता का "स्पष्ट उल्लंघन" बताया। उल्लेखनीय है कि इजरायल ने 26 दिसंबर 2025 को सोमालीलैंड को एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता देने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने तब कहा था कि उनका देश कृषि, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी और अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में सोमालीलैंड के साथ सहयोग बढ़ाने की योजना बना रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 May 2026 6:40 PM IST

Tags

Next Story