अजित पवार की जयंती पर सुनेत्रा पवार को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी मिले डॉ. अभिजीत मोरे
नंदुरबार, 18 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नंदुरबार जिला अध्यक्ष डॉ. अभिजीत मोरे ने महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि दिवंगत अजित पवार की जयंती पर उनकी पत्नी और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार को वित्त मंत्रालय सौंपा जाए। उन्होंने इसे महायुति गठबंधन के भीतर बेहतर तालमेल और सम्मान का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह अजित पवार के लिए सबसे बड़ा जन्मदिन का उपहार होगा।
डॉ. मोरे ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि 2023 में अजित पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायकों के साथ भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन में शामिल होने का फैसला लिया था। अजित पवार के गठबंधन में आने के बाद सरकार को नई मजबूती मिली और उस समय हुई चर्चा के अनुसार एनसीपी को कई महत्वपूर्ण विभाग मिले थे, जिनमें वित्त मंत्रालय भी शामिल था। अजित पवार महाराष्ट्र के सबसे अनुभवी वित्त मंत्रियों में रहे हैं और उन्होंने विधानसभा में कई बार बजट पेश कर रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने दावा किया कि वित्त मंत्री के रूप में अजित पवार ने राज्य की आर्थिक जरूरतों को समझते हुए प्रभावी काम किया और उनके कार्यकाल में महाराष्ट्र की जीडीपी में भी उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली।
डॉ. मोरे ने कहा कि बाद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वित्त विभाग अपने पास रख लिया, लेकिन अब पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि यह जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार को सौंपी जाए। सुनेत्रा पवार में इस महत्वपूर्ण विभाग को संभालने की पूरी क्षमता और योग्यता है। सुनेत्रा पवार ने लंबे समय तक सहकारिता क्षेत्र में काम किया है। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान भले ही अजित पवार सार्वजनिक रूप से नेतृत्व करते रहे हों, लेकिन कई प्रशासनिक और संगठनात्मक कार्यों में सुनेत्रा पवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सुनेत्रा पवार शिक्षित और अनुभवी हैं; वह वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभा सकती हैं।
महायुति सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार में भाजपा, शिवसेना और एनसीपी मिलकर निर्णय लेते हैं। ऐसे में यदि वित्त मंत्रालय सुनेत्रा पवार को दिया जाता है तो यह केवल एक विभाग का आवंटन नहीं होगा, बल्कि गठबंधन के भीतर आपसी विश्वास और समन्वय का प्रतीक भी होगा।
डॉ. अभिजीत मोरे ने कहा कि 22 जुलाई को अजित पवार के जन्मदिन पर यदि वित्त मंत्रालय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को वापस दिया जाता है और उसकी जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार को सौंपी जाती है, तो यह अजित पवार के लिए सबसे बड़ा और सार्थक जन्मदिन का उपहार होगा। उन्होंने कहा कि यह मांग केवल उनकी व्यक्तिगत राय नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की व्यापक भावना है और भाजपा नेतृत्व को इस पर सकारात्मक विचार करना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 4:54 PM IST












