अजमेर दरगाह में चढ़ावा चोरी को लेकर खादिम बोले-अयोध्या मामले से ध्यान भटकाने के लिए फैलाई जा रही अफवाह

अजमेर दरगाह में चढ़ावा चोरी को लेकर खादिम बोले-अयोध्या मामले से ध्यान भटकाने के लिए फैलाई जा रही अफवाह
अजमेर दरगाह में चढ़ावा चोरी को लेकर अजमेर दरगाह के खादिम व अंजुमन सैयद जादगान के पूर्व सचिव सैयद सरवर चिश्ती ने एक वीडियो जारी कर इस खबर का खंडन किया है।

अजमेर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। अजमेर दरगाह में चढ़ावा चोरी को लेकर अजमेर दरगाह के खादिम व अंजुमन सैयद जादगान के पूर्व सचिव सैयद सरवर चिश्ती ने एक वीडियो जारी कर इस खबर का खंडन किया है।

सैयद सरवर चिश्ती ने कहा कि दरगाह में चढ़ावा चोरी को लेकर नेशनल मीडिया में जो खबरें चल रही हैं, वह पूरी तरीके से गलत हैं। उन्होंने कहा कि दरगाह में चढ़ावा चोरी करने जैसी कोई बात नहीं है। दरगाह में देग का ठेका दिया जाता है और एक कॉन्ट्रैक्ट के तहत ठेकेदार ने पैसे नहीं जमा कराए हैं, जिसको लेकर एफआईआर दर्ज कराई गई है। दरगाह की देग में जो पैसा आता है, उससे अनेक कार्य किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों की ओर से ट्रस्ट बनाने के लिए बोला जा रहा है, उनको बता दूं कि ये पहले से ही ट्रस्ट है। दरगाह कमेटी अल्पसंख्यक मंत्रालय के अधीन है। दरगाह में जितनी भी दुकानें हैं, उसका किराया भी वे ही लेते हैं और जो बॉक्स में पैसे आते हैं, उसको सरकार लेकर जाती है। सरकार की ओर से हमें कुछ नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या मामले को न्यूट्रलाइज करने के लिए ये किया जा रहा है। यहां कोई चोरी नहीं की गई है।

सैयद सरवर चिश्ती ने आगे कहा कि इन पैसों से हमारी तरफ से किए गए कामों को आसानी से देखा जा सकता है। इस पैसे से हम धार्मिक और दरगाही काम करते हैं। उन्होंने अपील की कि हमको बदनाम न किया जाए।

वहीं, 1 जुलाई को शाही चीफ मुफ्ती मौलाना चौधरी इफराहीम हुसैन ने जकात फंड और वक्फ से जुड़े दान के बड़े पैमाने पर दुरुपयोग का आरोप लगाया था। उन्होंने मुस्लिम चैरिटेबल संस्थाओं के प्रबंधन में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते हुए कहा था कि जकात और वक्फ की आय का लाभ गरीब, यतीम, मिस्कीन और जरूरतमंद लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच रहा है और इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 July 2026 1:47 PM IST

Tags

Next Story