महिला टी20 विश्व कप सातवीं बार चैंपियन बनने के लिए ऑस्ट्रेलिया को पलटना होगा इतिहास, घर में 'अजेय' रहा है इग्लैंड
नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को लंदन के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स में खेला जाना है। ऑस्ट्रेलिया को सातवीं बार चैंपियन बनने के लिए इतिहास पलटना होगा।
इंग्लैंड आज तक टी20 विश्व कप इतिहास में अपने घर में खेलते हुए एक भी मैच नहीं हारा है। 2009 से लेकर 2026 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक इंग्लैंड ने घरेलू सरजमीं पर अब तक कुल 11 मुकाबले खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है। ऑस्ट्रेलिया ने आठवीं बार फाइनल का टिकट हासिल किया है, तो इंग्लिश टीम पांचवीं बार फाइनल खेलने उतरेगी।
टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया ने अब तक एक भी मैच नहीं गंवाया है और छह मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई है। यही कहानी इंग्लैंड की भी रही है। नेट साइवर-ब्रंट की कप्तानी में मेजबान टीम अजेय रहते हुए खिताबी मुकाबले तक पहुंची है। हालांकि, रविवार को किसी एक टीम के विजय रथ पर विराम लगना तय है।
क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 45 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 22 मैचों में जीत ऑस्ट्रेलिया के हाथ लगी है। वहीं, 20 मुकाबलों में बाजी इंग्लैंड ने मारी है। दो मुकाबले टाई रहे हैं, जबकि एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका है। आंकड़ों के अनुसार, दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबले में भी कड़ी टक्कर होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।
महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, लॉर्ड्स में मौसम पूरी तरह से साफ बने रहने की उम्मीद है और बारिश होने के चांस सिर्फ 5 प्रतिशत हैं। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड: सोफी मोलिनक्स (कप्तान), एश्ले गार्डनर (उपकप्तान), ताहलिया मैकग्राथ (उपकप्तान), निकोला कैरी, किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शुट्ट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल और जॉर्जिया वेयरहम।
इंग्लैंड का स्क्वॉड: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिंसी स्मिथ, इस्सी वोंग और डैनी व्याट-हॉज।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 2:08 PM IST












