अखिलेश पर ओपी राजभर का तंज, बोले-सपा का नाम ‘एआई-वादी’ रख लीजिए

लखनऊ, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एआई वीडियो को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव को एआई का इतना ही शौक है तो उन्हें अपनी पार्टी का नाम ‘समाजवादी’ से बदलकर ‘एआई-वादी’ रख लेना चाहिए।
राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जमीन पर उतरकर जनता के बीच जाने के बजाय एआई वीडियो और सोशल मीडिया के जरिए राजनीति कर रहे हैं। राजभर ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि ऐसा लगता है कि सैफई महोत्सव नहीं मना पाने के मलाल में वह महोत्सव का शौक एआई के जरिए पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस समाजवादी पार्टी की स्थापना अखिलेश यादव के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी विचारकों के सिद्धांतों पर की थी, उसे अखिलेश ने एआई वाली ‘नौटंकी’ बनाकर रख दिया है।
उन्होंने कहा कि सच्चे समाजवादी यह देखकर निराश होंगे कि मुलायम सिंह यादव के बेटे एसी कमरे में बैठकर एआई वीडियो बना रहे हैं। उन्होंने अंग्रेजी गानों पर वीडियो बनाने को लेकर भी अखिलेश यादव पर तंज कसा। राजभर ने कहा कि राजनीति गांव, गरीब और किसान के बीच जाकर तथा पसीना बहाकर होती है, मोबाइल की स्क्रीन पर नाच-गाने और एआई रील बनाने से नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पिछले 10 वर्षों से सत्ता से बाहर हैं और इस दौरान उनके पास प्रदेश के गांवों में जाकर लोगों से मिलने का पर्याप्त अवसर था लेकिन उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव चाहते तो हर दिन प्रदेश के किसी एक गांव में जाकर लोगों से मिल सकते थे। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश ने इसके बजाय एसी कमरों और सोशल मीडिया पर समय बिताया। उन्होंने यह भी कहा कि अब जनता के बीच जाने के बजाय एआई वीडियो के जरिए अपने समर्थकों का मन बहलाया जा रहा है।
सुभासपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के गैर-यादव पिछड़े और बहुजन समाज के लोग अब अखिलेश यादव के झांसे में नहीं आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अति पिछड़े और बहुजन समाज को ऐसा नेता नहीं चाहिए, जो खेत-खलिहान छोड़कर इंटरनेट पर वीडियो बनाने में लगा रहे। राजभर ने अपने पोस्ट में 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव की एआई वीडियो वाली राजनीति पर भी तंज कसा।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
