झारखंड कोडरमा में कुएं से महिला का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कोडरमा, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक कुएं से 30 वर्षीय महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला 23 अक्टूबर की शाम से लापता थी।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कुएं से निकालकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान धुमाडीह निवासी जितेंद्र दास की पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुड़िया देवी 23 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे बच्चों को खाना देने के बाद खेत की ओर शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह नहीं लौटी।
काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने नवलशाही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मृतका के जेठ त्रिलोकी दास ने बताया कि शनिवार दोपहर परिजनों ने मसमोहना के खेलडुआ आहार स्थित बांडीयाहरि के पास एक कुएं में भी उसकी तलाश की थी, लेकिन उस समय कुछ पता नहीं चला।
रविवार सुबह खेत में काम करने गए ग्रामीणों ने कुएं में शव तैरता देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जुटाया। मसमोहना गांव के मिथलेश साव ने फोन कर परिजनों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गुड़िया देवी के रूप में की। त्रिलोकी दास ने महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मसमोहना और धुमाडीह गांवों के आसपास जंगलों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बिक्री और सेवन होता है। हालांकि, हत्या के कारणों और घटना में किसी की संलिप्तता की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर नवलशाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुड़िया देवी के दो छोटे बेटे हैं।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
