नागार्जुन की 'इटलु अर्जुन' की रिलीज टली, अनीश-अनस्वरा राजन की फिल्म की नई तारीख जल्द होगी घोषित

मुंबई, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। डायरेक्टर महेश उप्पला की अपकमिंग रोमांटिक एंटरटेनर फिल्म 'इटलु अर्जुन' की रिलीज डेट टल गई है। फिल्म में अनीश और अनस्वरा राजन लीड रोल में नजर आएंगे। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि फिल्म अब 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी। हालांकि, नई रिलीज डेट का ऐलान जल्द किया जाएगा।
फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे प्रोडक्शन हाउस व्हाट नेक्स्ट एंटरटेनमेंट्स ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर रिलीज टलने की जानकारी दी। मेकर्स ने लिखा, ''हमें यह बताते हुए अफसोस हो रहा है कि 'इटलु अर्जुन' तय योजना के मुताबिक 30 अक्टूबर को रिलीज नहीं होगी। नई रिलीज डेट का ऐलान बहुत जल्द किया जाएगा। तब तक हम इस युवा टीम के लिए आपके प्यार और सपोर्ट की उम्मीद करते हैं। भरोसा रखिए, अर्जुन का प्यार सिनेमाघरों में दोगुने धमाके के साथ सुनाई देगा।''
मेकर्स ने अपनी पोस्ट में आगे बताया कि फिल्म को तेलुगु स्टार नागार्जुन प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि इसका म्यूजिक एस. थमन ने तैयार किया है। हालांकि, रिलीज टलने की वजह का खुलासा नहीं किया गया है।
'इटलु अर्जुन' को मशहूर डायरेक्टर वेंकी कुदुमुला अपने प्रोडक्शन हाउस व्हाट नेक्स्ट एंटरटेनमेंट्स के बैनर तले प्रोड्यूस कर रहे हैं। वहीं, तेलुगु सिनेमा के स्टार नागार्जुन इस फिल्म को प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म के जरिए महेश उप्पला बतौर डायरेक्टर डेब्यू कर रहे हैं, जबकि अनीश हीरो के तौर पर अपनी पहली फिल्म से दर्शकों के सामने आएंगे।
फिल्म में अनस्वरा राजन फीमेल लीड रोल में हैं। अब तक रिलीज हुए फिल्म के टाइटल ग्लिम्प्स और दो गानों ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाई है। प्रमोशनल कंटेंट में अनीश और अनस्वरा की केमिस्ट्री भी लोगों का ध्यान खींच रही है।
इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, फिल्म में अनीश एक ऐसे युवक का किरदार निभाते नजर आएंगे, जिसे सुनने और बोलने में परेशानी है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इस किरदार से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं रखी है।
'इटलु अर्जुन' की टेक्निकल टीम में साउथ के जाने-माने म्यूजिक डायरेक्टर एस. थमन शामिल हैं। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी राजा महादेव ने की है, जबकि राम कुमार ए ने प्रोडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी संभाली है। फिल्म की एडिटिंग कोटी के ने की है और इसके एक्शन सीक्वेंस दिलीप सुब्बारायन ने कोरियोग्राफ किए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
