सतना न्यूज: देंवेंद्रनगर-चुरहट के बीच मेमू ट्रेन को हरी झंडी

डिजिटल डेस्क सतना/सीधी/पन्ना। ललितपुर-सिंगरौली रेल प्रोजेक्ट की कामयाबी में एक और उपलब्धि जुड़ गई। सतना-देवेंद्र नगर एवं रीवा-चुरहट रेलखंडों के लोकार्पण के साथ शनिवार को देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा शुरू हो गई। पहले दिन मेमू ट्रेन के ८-८ कोच की दो यात्री गाडिय़ों को सतना के नागौद, सीधी के चुरहट और पन्ना जिले के देवेंद्रनगर स्टेशन में हरी झंडी दिखा कर गंतव्य के लिए रवाना किया गया। विंध्य को बुंदेलखंड से जोडऩे वाली यह रेल सेवा २६ अक्टूबर से नियमित हो जाएगी। ८ कोच की एक रैक मेमू ट्रेन देवेंद्रनगर से चुरहट के बीच सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन एक फेरा लगाएगी। रविवार को यह यात्री गाड़ी मेंटेनेंस पर रहेगी।
औद्योगिक कॉरिडोर की संभावनाएं बढ़ीं:---
नागौद में आयोजित शुभांरभ कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े। रेल मंत्री ने कहा कि यह रेल लाइन ऊर्जा और उद्योगों को जोडऩे में अहम भूमिका निभाएगी। इससे विंध्य क्षेत्र को औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की संभावनाएं बढ़ी हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि खनिज संसाधनों से समृद्ध इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। चुरहट से वर्चुअली जुड़े उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि यह रेल खंड ऊर्जाधानी सिंगरौली को रीवा और सतना के सीमेंट उद्योगों से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि पन्ना जिले में हीरा और सिंगरौली जिले में कोयला दोनों ही महत्वपूर्ण अयस्क है। रेल कनेक्टिविटी से विकास के आसार बढ़े हैं।
आजादी के ८० वर्ष बाद मिली सौगात
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि आजादी के ८० वर्ष बाद विंध्य एवं बुंदेलखंड का यह अंचल रेल सुविधा से जुड़ा है। उन्होंने विश्व स्तरीय स्टेशन और कैमा में टर्मिनल की सौगात के लिए रेल मंत्री के प्रति आभार जताया। खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि यह रेल लाइन एक कनेक्टिविटी नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास को गति देने की महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम को सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा एवं सीधी सांसद जनार्दन मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर नागौद विधायक नागेंद्र सिंह, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, सीडीए के अध्यक्ष विजय यादव, वीडीए के उपाध्यक्ष अजय सिंह, पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम दिलीप कुमार ङ्क्षसह, डीआरएम कमल कुमार तलरेजा भी उपस्थित रहे।
Created On :  
