सतना न्यूज: 22 राज्यों के 5029 धावकों ने लगाई दौड़, पिंक सिटी बनी सतना

22 राज्यों के 5029 धावकों ने लगाई दौड़, पिंक सिटी बनी सतना
सतना हाफ मैराथन-2026 में फिटनेस और खेल भावना का दिखा उत्साह, मंत्री विश्वास सारंग ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

डिजिटल डेस्क सतना। शहर की सड़कों पर रविवार सुबह फिटनेस के जुनून और खेल भावना का नजारा देखने को मिला। पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास की ओर से आयोजित सतना हाफ मैराथन-2026 में देश के 22 राज्यों से आए 5029 महिला-पुरुष धावकों ने हिस्सा लिया। सुबह 6 बजे व्यंकट-1 स्कूल मैदान से शुरू हुई इस मैराथन का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने हरी झंडी दिखाकर किया। फिट इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित इस आयोजन में धावकों ने 5, 10 और 21 किलोमीटर की अलग-अलग श्रेणियों में दौड़ लगाई। मंत्री विश्वास सारंग ने सतना को पिंक सिटी की संज्ञा देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं।

तीनों श्रेणियों में धावकों ने दिखाया दमखम

मैराथन के दौरान धावकों की सुरक्षा के लिए पूरे रूट पर पुलिसकर्मियों और निजी वॉलंटियर्स की तैनाती की गई थी। 5 किलोमीटर की दौड़ सर्किट हाउस चौक तक, जबकि 10 किलोमीटर की दौड़ कोलगवां थाना के सामने तक निर्धारित रही। वहीं, 21 किलोमीटर की श्रेणी में शामिल धावक माधवगढ़ तक पहुंचे और वापस आयोजन स्थल लौटे। रविवार को व्यंकट-1 स्कूल के मैदान से शुरू यात्रा में कोई लगातार छठे साल सतना में दौड़ने आया है, तो कोई इस बार ज्यादा दूरी तय कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को कुल चार लाख रुपये से अधिक की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।


Created On :  

Tags

Next Story