Satna News: मैहर कोतवाली क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

मैहर कोतवाली क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
टॉफी खिलाने के बहाने बालिका को ले गया था घर

डिजिटल डेस्क,सतना। मैहर कोतवाली क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे इलाके में हडक़ंप मच गया, तो वहीं पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर को बालिका अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाला आरोपी नरेश साकेत पुत्र विश्राम साकेत 34 वर्ष टॉफी देने के बहाने उसे अपने घर की बाथरूम में ले गया और ज्यादती करने लगा। इसी बीच बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसका 10 वर्षीय बड़ा भाई अंदर आ गया, जिसने घटनाक्रम देखकर शोर मचाते हुए परिजनों को जानकारी दी, जो तुरंत मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था।

पीड़िता को ले गए अस्पताल, पुलिस को दी सूचना

इसके पश्चात पीडि़त बच्ची को लेकर परिजन तुरंत सिविल अस्पताल पहुंच गए, जहां उपचार शुरू करने के साथ मेडिकल टीम ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया तो महिला अधिकारी के साथ पुलिसकर्मी भी अस्पताल चले गए और बच्ची की मां के बयान पर रेप एवं पाक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

अलग-अलग टीमों को उसकी धरपकड़ के लिए दौड़ाने के अलावा नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई। अंतत: देर रात पुख्ता सूचना मिलने पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया गया, जिसे शनिवार शाम कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। इससे पूर्व मेडिकल परीक्षण और डीएनए जांच के लिए रक्त का नमूना भी सुरक्षित कराया गया।

Created On :  

Next Story