- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- लाइसेंसी बंदूक से चली गोली आबकारी...
Satna News: लाइसेंसी बंदूक से चली गोली आबकारी अधिकारी की पत्नी के पेट में लगी, हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क,सतना। सिविल लाइन थाना अंतर्गत मंदाकिनी विहार कॉलोनी में लाइसेंसी बंदूक से गोली चलने के कारण सहायक जिला आबकारी अधिकारी की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनको इलाज के लिए रीवा ले जाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एडीईओ देवेन्द्र प्रताप सिंह की पत्नी दीपमाला सिंह 50 वर्ष, विजयदशमी पर शस्त्र पूजन के लिए निकाली गई लाइसेंसी बंदूक मंदिर से उठाकर अंदर रखने जा रहीं थीं, तभी अचानक हाथ से बंदूक छूटकर नीचे गिर गई, जिससे गोली चल गई, जो उनके पेट में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर पति देवेन्द्र सिंह फौरन मौके पर पहुंचे और पेट पर कपड़ा बांधते हुए निजी वाहन से पत्नी को जिला अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा रेफर कर दिया गया।
घर में मिली बंदूक और कांच के टुकड़े
घटना की खबर लगते ही टीआई प्रीति विश्वकर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और निरीक्षण कर उपलब्ध साक्ष्य जुटाए, तो किरायेदारों से घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ भी की। घर में पुलिस टीम को 12 बोर की डबल बैरल बंदूक रखी मिली, तो किचन की खिडक़ी के कांच के टुकड़े जमीन पर बिखरे मिले, मगर खून के धब्बे नहीं पाए गए और न ही कोई खोखा बरामद हुआ। ऐसे में आगे की पड़ताल के लिए मकान को सील कर दिया है। पुलिस अब पीडि़त महिला और उनके पति से पूछताछ के साथ गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Created On :   21 Oct 2026 9:36 PM IST









