- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- धर्मशाला के कमरे में मिली बुजुर्ग...
सतना न्यूज: धर्मशाला के कमरे में मिली बुजुर्ग की लाश, हत्या का संदेह

डिजिटल डेस्क सतना। सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत जगतदेव तालाब परिसर में स्थित धर्मशाला के कमरे में कई सालों से निवासरत बुजुर्ग की लाश मिलने से सनसनी फैल गई, जिनकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बिहारी लाल पुत्र प्यारेलाल पाठक 70 वर्ष, निवासी बरेठिया, थाना नागौद, बीते कई वर्षों से धर्मशाला में देवकली पांडेय के साथ रहते थे। लगभग 8 दिन पहले पत्नी की मौत हो जाने पर प्रयागराज में अंतिम संस्कार कर सतना लौटे और पिछले तीन दिनों से कमरे के बाहर नहीं निकले। शनिवार दोपहर को तेज दुर्गंध आने पर जब आसपास के लोग वहां पहुंचे तो दरवाजे पर ताला लटकता मिला, लिहाजा तुरंत पुलिस को सूचित किया गया, जिस पर टीआई हेमंत शर्मा अपनी टीम के साथ फौरन जगतदेव तालाब पहुंचकर जांच में जुट गए।
जांच में जुटी पुलिस---
पुलिस टीम जब ताला तोडक़र अंदर घुसी तो बुजुर्ग की लाश चारपाई पर गद्दे में लिपटी मिली। हालांकि उनके शरीर पर कोई गंभीर चोट अथवा घाव का निशान नहीं था। कमरे में चारपाई के नीचे खाली पर्स और काफी सामान बिखरा मिला, जिससे चोरी अथवा लूट के इरादे से बुजुर्ग की हत्या का संदेह जताया जा रहा है। फिलहाल शव को मरचुरी में भेजकर परिजनों से संपर्क करने की कोशिश पुलिस की तरफ से शुरू की गई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की संभावना है, जिसके बाद जांच-पड़ताल आगे बढ़ पाएगी। इस मामले में पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया है।
Created On :   18 Oct 2026 1:31 PM IST









