- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- आस्था के रंग में रंगा दैनिक भास्कर...
सतना न्यूज: आस्था के रंग में रंगा दैनिक भास्कर गरबा महोत्सव का महारास,
डिजिटल डेस्क सतना। संगीत, रोशनी और रंगों से सजे सिटी पार्क में दैनिक भास्कर गरबा महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। आस्था, उल्लास और पारंपरिक संस्कृति के अनूठे संगम ने पहले ही दिन माहौल को भक्तिमय बना दिया। मां दुर्गा की आराधना और ओजपूर्ण महाआरती के साथ शुरू हुए इस आयोजन में प्रतिभागियों ने सुर और ताल के बीच गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। महोत्सव की शुरुआत आदिशक्ति के पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने ‘जय आद्या शक्ति मां’ और मां जगदंबे की आरती पर श्रद्धाभाव से हिस्सा लिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो धरती पर सितारे उतर आए हों। भक्ति और संगीत के इस संगम ने आयोजन के पहले दिन को यादगार बना दिया। गरबा ग्राउंड में मां दुर्गा का भव्य दरबार सजाया गया। आचार्य बालेन्द्र द्विवेदी ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह, चेंबर अध्यक्ष सतीश सूखेजा, मनोहर दिगवानी, मनोहर वाधवानी, संजय अग्रवाल, मनोज कटारे और दैनिक भास्कर के डायरेक्टर अजय अग्रवाल उपस्थित रहे। गरबा की प्रस्तुतियों में गुजराती और राजस्थानी संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिली। पारंपरिक लहंगे, आकर्षक परिधान और सजी हुई डांडिया स्टिक्स ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति को खास बनाया। लयबद्ध कदमों और सामूहिक गरबा रास ने ऐसा माहौल बनाया, मानो गुजरात की पारंपरिक गरबा संस्कृति सतना में उतर आई हो।
Created On :   15 Oct 2026 6:56 PM IST












