- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- बस की चपेट में आने से बाइक सवार की...
सतना न्यूज: बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

डिजिटल डेस्क सतना। रामनगर थाना क्षेत्र के गोरसरी में तेज रफ्तार बस की ठोकर से बाइक सवार की मौत हो गई, जिस पर अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रामाश्रय उर्फ अंकित पुत्र रामकरण पटेल 32 वर्ष, निवासी बड़ा टोला-खरमसेडा-अमरपाटन, बीते कई सालों से मनमासी रोड-रामनगर में खाद-बीज की दुकान संचालित कर रहे थे। हमेशा की तरह सोमवार की सुबह वह बाइक क्रमांक एमपी 19 जेडपी 1789 पर सवार होकर दुकान जाने के लिए निकल पड़े, मगर तकरीबन 11 बजे जैसे ही गोरसरी में प्राइवेट स्कूल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही बस क्रमांक एमपी 19 जेडएस 4415 के चालक ने लापरवाही पूर्वक टक्कर मारते हुए अंकित को चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक मौके पर बस छोडक़र फरार हो गया, तो वहीं देखते ही देखते सडक़ पर जाम की स्थिति बन गई। खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मरचुरी भेजकर पोस्टमार्टम कराया, तो बस को जब्त कर जांच प्रारंभ कर दी है।
अज्ञात वाहन की ठोकर से राहगीर मृत ---
उधर अमरपाटन थाना क्षेत्र में रविवार की रात को अज्ञात वाहन की ठोकर लगने से राहगीर की मौत हो गई, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पड़हा पेट्रोल पंप के पास लगभग 40 से 50 वर्ष की आयु का एक विक्षिप्त व्यक्ति सडक़ पार करते समय किसी वाहन की चपेट में आ गया, जिससे घटना स्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह खबर लगने पर पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर गई, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई। ऐसे में शव को मरचुरी भेजकर जांच शुरू कर दी गई है।
Created On :   13 Oct 2026 3:34 PM IST












