- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- दो फोर व्हीलर में सवार आरोपियों ने...
Satna news: दो फोर व्हीलर में सवार आरोपियों ने स्टेट हाइवे पर मचाया उत्पात

डिजिटल न्यूज़ सतना
मझगवां थाना क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से आवारा कुत्ते की मौत के बाद कार सवार सरहंगों ने चालक को बंदूक की बट और लात-घूंसों से पीट दिया, तो उसने आक्रोशित होकर मालवाहक बीच सडक़ पर खड़ा कर जाम लगा दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों समेत ट्रक ड्राइवर पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। टीआई आदित्य नारायण धुर्वे ने बताया कि रविवार शाम को ड्राइवर रंजीत विश्वकर्मा अपने ट्रक क्रमांक एमपी 19 एचए 6484 में अमानगंज से क्लिंकर लोड कर शंकरगढ़ जा रहा था। तकरीबन 5 बजे स्टेट हाइवे पर ठाड़ी-पाथर के पास एक आवारा कुत्ता अचानक ट्रक की चपेट में आ गया। यह देखकर दो फोर व्हीलर में सवार आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने पीछा कर बड़े हनुमान मंदिर के पास ट्रक को रोक लिया और चालक रंजीत के साथ बंदूक के बट एवं लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। एक कार का नंबर एमपी 04 जेडवाई 1708 के रूप में सामने आया है।
जंगल में छिपकर बचाई जान ---
पीडि़त ड्राइवर किसी तरह जान बचाकर जंगल की तरफ भागा और डायल 112 पर फोन कर मदद मांगी, तो पुलिस टीम कुछ देर में ही मौके पर पहुंच गई, मगर तब तक सरहंग आरोपी अपनी-अपनी गाडिय़ां लेकर भाग चुके थे, लेकिन बीच सडक़ में ट्रक खड़ा होने से लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने काफी जद्दोजहद के बाद मालवाहक को हटवाकर जाम खुलवाया और ड्राइवर को थाने ले गए, जहां उसके बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट का अपराध पंजीबद्ध किया गया, तो वहीं सडक़ बाधित करने पर चालक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Created On :   13 Oct 2026 3:31 PM IST












