- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- 11 साल बाद गिरफ्त में आया बबली...
सतना न्यूज: 11 साल बाद गिरफ्त में आया बबली गिरोह का इनामी बदमाश

डिजिटल डेस्क सतना। धारकुंडी थाना क्षेत्र के एक प्रकरण में लगभग 11 साल से फरार चल रहे तराई के कुख्यात बबली कोल गिरोह के हार्डकोर मेंबर को पुलिस ने अंतत: यूपी से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया, उस पर इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक संतोष उर्फ ऊदल पुत्र सतइयां कोल 40 वर्ष, निवासी डोंडा-बडक़ुलान, थाना मारकुंडी, जिला चित्रकूट (यूपी) हाल बारहमाफी, थाना मानिकपुर, कई सालों तक बबली कोल गिरोह का हिस्सा रहा। इस दौरान उसने अपहरण, मारपीट, रंगदारी और डकैती जैसी कई वारदातों को अंजाम भी दिया था।
गैंग लीडर के खात्मे के बाद हो गया भूमिगत ---
गैंग लीडर बबली और उसके राइट हैंड लवलेश के मारे जाने के बाद पुलिस से बचने के लिए संतोष लगातार ठिकाने बदलता रहा। इस बीच धारकुंडी थाने में दर्ज अपहरण, मारपीट और एडी एक्ट के प्रकरण में उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर दिया गया, तो फरारी में ही चालान पेश होने पर कोर्ट ने स्थायी वारंट भी निकाल दिया, मगर आरोपी पकड़ में नहीं आया। हाल ही में मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बारामाफी में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
Created On :   13 Oct 2026 3:20 PM IST












