- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- नहर में लावारिश मिला 10.75 लाख का...
Satna news: नहर में लावारिश मिला 10.75 लाख का गांजा

डिजिटल न्यूज़ सतना
नागौद थाना क्षेत्र के डुड़हा इलाके से गांजा की खेप बरामद होने का सिलसिला लगातार जारी है। अक्टूबर माह के 15 दिनों में ही 36 लाख 12 हजार 5 सौ रुपए का 3 क्विंटल 54 किलोग्राम गांजा बरामद हो चुका है, जिसमें अब तक 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, लेकिन मास्टरमाइंड का सुराग नहीं लगा है। हालिया कार्रवाई के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात को डुड़हा गांव से लगी नहर में गांजा की बड़ी खेप लावारिश हालत में पड़े होने की खबर सामने आई, जिस पर पोड़ी चौकी में तैनात अमले ने फौरन दबिश देकर तलाशी ली तो 3 बोरियों में भरा करीब 1 क्विंटल 7 किलोग्राम गांजा बरामद हो गया, जिसकी कीमत 10 लाख 75 हजार रुपए निकाली गई। काफी सर्चिंग के बावजूद कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया। यह खेप 2 अक्टूबर को पकड़े गए आरोपी संतकुमार के घर से कुछ दूर पर ही मिली है। फिलहाल पुलिस ने नशे की खेप जब्त कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
दो सप्ताह पहले 29.73 लाख के मादक पदार्थ और फोर व्हीलर समेत पकड़े गए थे 3 आरोपी ---
गौरतलब है कि बीते 2 अक्टूबर को पुलिस टीम ने डुड़हा निवासी संतकुमार उर्फ संतू पुत्र भगवानदीन पाल 28 वर्ष, के घर पर दबिश देकर 3 लाख 21 हजार 5 सौ रुपए का 32 किलो गांजा बरामद किया था, जिससे पूछताछ में मिले सुराग पर अगले ही दिन डुड़ही निवासी द्वारिका पुत्र सूरजदीन दाहिया 53 वर्ष और बंदरहा निवासी सभाराज पुत्र राममिलन पाल 55 वर्ष, को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 26 लाख 51 हजार 5 सौ रुपए के गांजा समेत एक बोलेरो जब्त की गई। इस मामले में कुछ और आरोपियों के नाम सामने आए, लेकिन अब तक पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाई। माना जा रहा है कि एक के बाद एक कार्रवाइयों से घबराकर किसी व्यक्ति ने गांजा को लावारिश हालत में फेंक कर बचने की कोशिश की है।
Created On :   16 Oct 2026 4:05 PM IST









