- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- बुजुर्ग की हत्या का खुलासा :आरोपी...
Satna news: बुजुर्ग की हत्या का खुलासा :आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल न्यूज़ सतना
सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत जगतदेव तालाब स्थित रामजानकी धर्मशाला के कमरे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का खुलासा कर आरोपी को पकड़ लिया, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि बिहारी लाल पाठक पुत्र प्यारेलाल पाठक, निवासी बरेठिया, थाना नागौद, कई सालों से धर्मशाला में रहकर भिक्षाटन करते हुए जीवनयापन कर रहे थे। बीते 17 अक्टूबर की शाम को कमरे से बदबू आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया तो टीआई हेमंत शर्मा मौके पर पहुंचे और ताला तोडक़र अंदर गए, जहां चारपाई पर कपड़ों के नीचे बुजुर्ग का शव बरामद हो गया, जिसका पोस्टमार्टम कराने पर धारदार हथियार से हत्या की बात सामने आई।
गाली-गलौज से खफा था आरोपी ---
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर सरगर्मी से जांच-पड़ताल शुरू की, जिसमें राघवेंद्र मिश्रा पुत्र नारेन्द्र प्रसाद 42 वर्ष, निवासी घूमन, थाना डभौरा, जिला रीवा, की भूमिका संदिग्ध पाई गई। तब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने जुर्म कबूल करते हुए खुलासा किया कि वह कई सालों से सतना में रहकर भिक्षाटन और मजदूरी कर गुजर-बसर कर रहा था। बीते 14 अक्टूबर को बिहारी लाल ने कमरे की सफाई के लिए बुलाया और रात में वहीं रोक लिया। इस दौरान बुजुर्ग ने कपड़े साफ करने के लिए कहा तो उसने इंकार कर दिया, जिससे नाराज होकर बिहारी लाल ने काफी भला-बुरा कहा। इसी रंजिश के चलते रात में बुजुर्ग के सो जाने पर आरोपी ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी और पेटी में रखी नकदी उठाकर चंपत हो गया। आरोपी के कबूलनामे पर पुलिस ने कुल्हाड़ी समेत 37 हजार 362 रुपए नकदी बरामद कर ली।
Created On :   22 Oct 2026 2:16 PM IST







