सतना न्यूज: 85 हजार की शराब से लोड कार छोडक़र भागे तस्कर

डिजिटल डेस्क सतना। सभापुर पुलिस ने चार पहिया वाहन से शराब तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर भारी मात्रा में मदिरा समेत वाहन जब्त कर लिया, मगर अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकले, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। टीआई शंखधर द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार की रात को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पटना गांव के पास घेराबंदी की गई। इसी बीच सफेद रंग की कार क्रमांक एमपी 04 सीआर 7651 तेजी से आई, मगर उसमें सवार लोग पुलिस पार्टी को देखकर रुकने के बजाय तेजी से भागे और कुछ दूर जाने के बाद गाड़ी को लावारिश हालत में छोडक़र चम्पत हो गए। तब मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली गई तो उसमें रखे 14 कार्टून से लगभग 117 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हो गई, जिसकी अनुमानित कीमत 85 हजार से अधिक निकाली गई। इसके साथ ही कार को भी कब्जे में लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कायमी की गई है। बताया गया है कि इस कार को पूर्व में भी अवैध शराब के साथ जब्त किया जा चुका है।
Created On :  
