पीएम मोदी के स्वागत में काशी में उमड़ा जनसैलाब, ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच नमो घाट पहुंचे प्रधानमंत्री

वाराणसी, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में रविवार को वाराणसी में जनसैलाब उमड़ पड़ा। पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर लोगों ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ उनका अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से अपने काफिले के साथ नमो घाट पहुंचे, जहां उन्हें भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होना है। इस दौरान लोगों में प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री मोदी का काफिला पुलिस लाइन से सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट, कज्जाकपुरा और राजघाट पुल होते हुए नमो घाट पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे और बड़ी संख्या में लोग बैरिकेडिंग के दोनों ओर खड़े होकर उनके आगमन का इंतजार कर रहे थे। भदऊचुंगी समेत कई स्थानों पर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। लोगों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री ने कुछ स्थानों पर वाहन से बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए उनका अभिवादन किया। इस दौरान उनके काफिले पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाई गईं और देशभक्ति गीतों के साथ स्वागत किया गया।
नमो घाट पहुंचने पर वायुसेना के अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। गंगा तट पर आयोजित कार्यक्रम स्थल पर ‘नमो-नमो’ के उद्घोष के बीच प्रधानमंत्री ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। स्वागत के लिए जुटे लोगों में विभिन्न समुदायों के लोग शामिल रहे। घाटों और आसपास के इलाकों में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। प्रधानमंत्री इससे पहले मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई टेक्सटाइल इकाई का उद्घाटन कर चुके हैं। कई करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ में स्थापित इस इकाई में विभिन्न प्रकार के परिधानों का उत्पादन किया जाएगा।
इसके बाद वह भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होने के लिए नमो घाट पहुंचे। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एयर शो को ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम दिया गया है। इसमें करीब 100 विमानों के हिस्सा लेने की जानकारी दी गई है, जिनमें राफेल और सुखोई जैसे 52 लड़ाकू विमान भी शामिल हैं। एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों के साथ हेलीकॉप्टरों की हवाई प्रस्तुतियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
रविवार को कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही नमो घाट और आसपास के घाटों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। सुबह से ही दर्शक घाटों की सीढ़ियों और अन्य निर्धारित स्थानों पर बैठकर आसमान में होने वाले हवाई करतबों का इंतजार करते नजर आए। गंगा के दूसरे किनारे डोमरी, बहादुरपुर और कटेसर समेत आसपास के इलाकों में भी लोगों की भीड़ जुटी। एयर शो के पिछले दिनों में भी बड़ी संख्या में लोग विमानों के करतब देखने पहुंचे थे।
भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ने भी अपने समन्वित हवाई करतबों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। ध्रुव हेलीकॉप्टरों से बनी टीम ने गंगा के ऊपर एक साथ उड़ान भरते हुए सटीक तालमेल, नियंत्रित मोड़ और समूह में बदलती आकृतियों का प्रदर्शन किया। घाटों पर मौजूद दर्शकों ने हेलीकॉप्टरों की इस प्रस्तुति को उत्सुकता से देखा। प्रधानमंत्री के दौरे और एयर शो को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रमुख मार्गों तथा कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
