दिल्ली पुलिस ने 2.10 करोड़ के साइबर धोखाधड़ी मामले में दो आपरोपियों को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 2.10 करोड़ के साइबर धोखाधड़ी मामले में दो आपरोपियों को किया गिरफ्तार
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की साइबर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक ऐसे 'म्यूल' बैंक खाते (धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल होने वाले खाते) से जुड़े होने का आरोप है, जिसमें 2.10 करोड़ रुपये की 'डिजिटल अरेस्ट' साइबर धोखाधड़ी के मामले से जुड़ी 98,592 रुपये की रकम आई थी।

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की साइबर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक ऐसे 'म्यूल' बैंक खाते (धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल होने वाले खाते) से जुड़े होने का आरोप है, जिसमें 2.10 करोड़ रुपये की 'डिजिटल अरेस्ट' साइबर धोखाधड़ी के मामले से जुड़ी 98,592 रुपये की रकम आई थी।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी सोनू खान (36) और दिल्ली के शाहदरा स्थित राम नगर निवासी अर्जुन चौधरी (38) के रूप में हुई है। इन दोनों आरोपियों का पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, छह डेबिट कार्ड और 10 चेकबुक बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 'नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल' (एनसीआरसीपी) पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान सामने आया। सत्यापन के लिए एक शिकायत को चुना गया, जिसकी जांच के दौरान पता चला कि दिल्ली के यमुना विहार में संचालित एक संदिग्ध 'म्यूल' बैंक खाते में 12 अक्टूबर को 98,592 रुपये आए थे।

बैंक लेनदेन की जांच से पता चला कि 12 अक्टूबर को इस खाते से 49,000 रुपये नकद निकाले गए थे, जबकि बाकी रकम एक चेक के जरिए निकाली गई थी।

आगे की जांच में यह सामने आया कि यह लेनदेन 15 अक्टूबर को दर्ज ई-एफईआर से जुड़ा है। यह मामला दिल्ली में स्पेशल सेल की आईएफएसओ यूनिट में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 319 और 340 के तहत दर्ज किया गया है।

यह मामला दिल्ली के जनकपुरी की रहने वाली प्रतिभा जैन की शिकायत पर दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि साइबर ठगों ने 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर उनके साथ लगभग 2.10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।

जांच के दौरान जिस बैंक खाते में ठगी की रकम का कुछ हिस्सा आया था, उस पर शक हुआ कि इसका इस्तेमाल साइबर अपराध से हासिल पैसों को इधर-उधर भेजने के लिए एक 'म्यूल अकाउंट' के तौर पर किया गया था।

तकनीकी निगरानी और लगातार जांच के जरिए पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर में रहने वाले खाताधारक सोनू खान का पता लगाया। बताया जा रहा है कि वह डिस्पोजेबल सामान की एक दुकान चलाता था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खान के पास से तीन मोबाइल फोन, 10 चेकबुक और अलग-अलग बैंकों के छह डेबिट कार्ड बरामद किए।

पूछताछ के दौरान खान ने बताया कि वह अर्जुन चौधरी के लिए काम करता था, जिसने उसे यह दुकान खुलवाने में मदद की थी। जांच में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दिल्ली के शाहदरा स्थित राम नगर की गली नंबर 3 में रहने वाले अर्जुन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story