ओमप्रकाश राजभर ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया 'ठगबंधन', कहा-'अखिलेश यादव अगली बार रथ अमेठी की ओर घुमा दें'

ओमप्रकाश राजभर ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया ठगबंधन, कहा-अखिलेश यादव अगली बार रथ अमेठी की ओर घुमा दें
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी(सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन को 'ठगबंधन' करार दिया है।

लखनऊ, 28 सितंबर (आईएएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी(सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन को 'ठगबंधन' करार दिया है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव की ओर से 'इंडिया' गठबंधन की बैठक को लेकर दिए गए बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "उन दोनों में आपसी तकरार चल रही है। कांग्रेस बड़ी पार्टी है राष्ट्रीय पार्टी है, ये सभी राज्यीय दल हैं। कांग्रेस इनको निपटाने पर लगी हुई है, समाजवादी पार्टी को खत्म करने पर लगी है। जब ये खत्म हो जाएंगे तो कांग्रेस अपना राज करेगी।" उन्होंने कहा, "वे लोग बैठक में जाएं या फिर न जाएं, सब 'दगे हुए कारतूस' इकठ्ठा हो रहे हैं। किसी के पास दम नहीं है।"

ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "अखिलेश यादव से मेरा कहना है कि रायबरेली के बाद अमेठी चले जाएं। अगली बार जब रथ पर बैठें तो अमेठी की तरफ घुमा दें। सपा के जो लोग कांग्रेस को आंख दिखा रहे हैं, वे अभी कांग्रेस पार्टी को नहीं जानते हैं। कांग्रेस पार्टी इनको बर्बाद करके छोड़ेगी। जो हाल ममता बनर्जी का हुआ है, कांग्रेस के लोग वही हाल अखिलेश यादव का करेंगे। दोनों पार्टी के लोग आपस में लड़ रहे हैं।"

गाय को लेकर विपक्ष पर सीएम योगी की ओर से निशाना साधे जाने के सवाल पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "मुख्यमंत्री सही कह रहे हैं, गाय माता को लोग पूजते हैं। पहले गांवों में परंपरा रही है और आज भी परंपरा है कि गाय के गोबर से घर को लीप कर शुद्ध किया जाता है। जो लोग उस व्यवस्था को नहीं मानते, जैसे अखिलेश यादव भगवान राम का दर्शन करने अयोध्या नहीं गए, खुद को भगवान कृष्ण का वंशज कहते हैं। अगर वे कृष्ण के वंशज हैं तो उनको भगवान कृष्ण की पूजा करनी चाहिए लेकिन उनके विचार अलग हैं।"

अयोध्या को लेकर सीएम योगी की ओर से विपक्ष पर निशाना साधे जाने के सवाल पर ओपी राजभर ने कहा, "उन्होंने सही कहा है। 500 वर्ष के संघर्षों के बाद अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बना। विरोधियों को ये पच नहीं रहा है कि मंदिर कैसे बन गया? मंदिर की आड़ में लोगों की राजनीति चलती थी। जिनकी राजनीति खत्म हो गई है, वे तो कीचड़ उछालेंगे और बदनामी करेंगे ही। मुख्यमंत्री ने सही कहा है कि ऐसे लोगों से सावधान रहिए।

गोरखपुर को हाईटेक बताने पर अखिलेश यादव की ओर से रवि किशन पर हमला बोलने के सवाल पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "सैफई में ऑस्ट्रेलिया से कमाकर पैसा लगाया गया है। यूपी के विकास के पैसे से सैफई में नाच देखा गया और वहां का विकास किया गया। कभी उनको (अखिलेश) गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, फैजाबाद याद आया। उनको केवल सैफई याद आया। उनको अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि क्या किए हैं। अखिलेश यादव की सरकार में सैफई में 24 घंटे बिजली रहती थी और बाकी जिलों में 6 घंटे रहती थी।

1375 नए ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को लेकर राजभर ने कहा, "जिस तरह से अखिलेश यादव की ओर से आरोप लगाया जाता है कि कहां से नौकरी देंगे? मेरा उनसे कहना है कि बगल में एक कुर्सी और लगवा देंगे, बैठकर गिनते रहें कि कितनी नौकरी दी जा रही है। केवल 'एक्स' पर पोस्ट और प्रेस कांफ्रेंस से बात नहीं बनती। यहां काम किया जा रहा है, बिना पैसे के नौकरी दी जा रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार में लोग पैसा देकर नौकरी खरीदते थे।"

ओम प्रकाश राजभर ने दोनों दलों के नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी का हवाला देते हुए कहा कि गठबंधन में अब इस बात को लेकर लड़ाई हो रही है कि कौन बड़ा ठग है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के रायबरेली जाने पर कांग्रेस के नेता उनके इटावा जाने की बात कह रहे हैं, जबकि सपा की ओर से कांग्रेस नेताओं को जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव कांग्रेस नेताओं को जसवंतनगर बुलाकर अपनी ताकत दिखाना चाहते हैं, जबकि इमरान मसूद अखिलेश यादव को आंख दिखा रहे हैं और इकरा हसन कांग्रेस नेताओं को उनकी जगह दिखा रही हैं।

ओपी राजभर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "अखिलेश जी आप रायबरेली गए तो कांग्रेस वाले आपके इटावा जाने को कह रहे हैं, चच्चू कांग्रेस वालों को जसवंतनगर बुलाकर औकात दिखाना चाह रहे हैं, इमरान मसूद आपको आंख दिखा रहे हैं, इकरा हसन कांग्रेस वालों को उनकी जगह दिखा रही हैं। अजय राय और राजेंद्र पाल गौतम ने सपा को छोटा भाई बना ही दिया है और आपके प्रवक्ता लोग कांग्रेसियों को लिमिट में रहना सिखा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा ए महाराज, इसको गठबंधन कहते हैं? असल में इसको ठगबंधन कहा जाता है।"

ओपी राजभर ने लिखा, "ठगी के लिए प्लानिंग भी हो रही और लूट के माल के बंदरबांट के लिए लड़ाई भी हो रही। लड़ाई इस बात की है कि कौन बड़ा ठग? बस इतना बता दीजिए कि अपने नेताओं को कांग्रेस के खिलाफ बोलने की परमिशन भी आपने ही दी है ना? या चच्चू और बाकी नेता इस मामले में आत्मनिर्भर हो गए हैं? उन्होंने कहा कि बाकी रथ निकालियेगा तो यहीं लखनऊ के बगल में अमेठी है। एक चक्कर मार लीजिएगा। वही अमेठी जिसने आपके मित्र राहुल बाबा को सिर्फ हराया ही नहीं बल्कि भगा दिया। उसी अमेठी घूम आइये महाराज, कांग्रेसियों को जलने दीजिए।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Sept 2026 2:04 PM IST

Tags

Next Story