अखिलेश यादव दादरी से करेंगे 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद, भाईचारा रैली को करेंगे संबोधित
नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अभी से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में अखिलेश यादव गौतमबुद्ध नगर के दादरी में रविवार को आयोजित समाजवादी समानता भाईचारा रैली में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "आज रैली से दो संदेश दिए जाएंगे। एक, पश्चिम उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी कमजोर नहीं है। दूसरा, 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनना तय है। समाजवादी पार्टी के नेतृत्व और अखिलेश यादव पर लोग विश्वास कर रहे हैं। इस रैली के लिए पिछले 8 महीने से तैयारी चल रही थी। करीब 100 विधानसभा में 150 से अधिक चौपालों का आयोजन किया गया। जगह-जगह से लोग आ रहे हैं, इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।
रैली स्थल पर पहुंचे सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा, "गौतम बुद्ध नगर में स्थित मिहिर भोज कॉलेज में स्थापित उनकी मूर्ति के सामने से अखिलेश यादव चुनावी शंखनाद करेंगे। इस बार अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सप कमजोर नहीं है। यहां से कई सीटों पर हमने जीत दर्ज की है।
रैली में पहुंच रहे समर्थकों ने कहा कि मिहिर भोज कॉलेज मैदान से 2027 में भाजपा की योगी सरकार को हटाने का आह्वान करेंगे। 2027 में उत्तर प्रदेश में 300 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे दलित, मुस्लिम और ओबीसी समाज के लोगों के साथ मिलकर हासिल किया जाएगा। अखिलेश यादव नोएडा के दादरी में आयोजित समानता भाईचारा रैली में भाग लेने के लिए लखनऊ हवाई अड्डे से हवाई जहाज के जरिए दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से रैली में पहुंचेंगे। रैली की सुरक्षा को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 1:11 PM IST












