अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, कहा-बिना एडवांस पंजीकरण न आएं

अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, कहा-बिना एडवांस पंजीकरण न आएं
जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने श्री अमरनाथ यात्रा-2026 को लेकर श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अमरनाथ यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या निर्धारित की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा के सुचारु संचालन के लिए इस निर्धारित सीमा का पालन करना अनिवार्य है।

जम्मू, 3 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने श्री अमरनाथ यात्रा-2026 को लेकर श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अमरनाथ यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या निर्धारित की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा के सुचारु संचालन के लिए इस निर्धारित सीमा का पालन करना अनिवार्य है।

विभाग ने बताया कि यात्रा शुरू होने से काफी पहले ही देशभर की विभिन्न बैंक शाखाओं और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए एडवांस पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहले से ही अपना पंजीकरण कराकर इस सुविधा का लाभ उठाया है। इसी कारण तत्काल पंजीकरण के लिए उपलब्ध स्लॉट बेहद सीमित हैं।

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे एडवांस पंजीकरण कराने के बाद ही जम्मू-कश्मीर पहुंचें। प्रतिदिन बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण के पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को तत्काल श्रेणी में समायोजित करना संभव नहीं है। ऐसे श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे अपने क्रम की प्रतीक्षा करें और प्रशासन द्वारा आवंटित तिथि के अनुसार ही यात्रा करें।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि कई पंजीकृत श्रद्धालु अपनी निर्धारित यात्रा तिथि से पहले ही जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी श्रद्धालु को उसकी पंजीकरण तिथि से पहले यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए सभी श्रद्धालु केवल अपनी पंजीकृत तिथि के अनुसार ही यात्रा के लिए आएं।

इसके अलावा बिना पंजीकरण के जम्मू-कश्मीर पहुंच चुके श्रद्धालुओं से भी धैर्य बनाए रखने और अपने क्रम का इंतजार करने की अपील की गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर मिलेगा लेकिन यह निर्धारित प्रक्रिया और प्रतिदिन उपलब्ध क्षमता के अनुरूप ही संभव होगा।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 July 2026 9:48 AM IST

Tags

Next Story