अमेरिकी राजदूत गोर की विदेश सचिव मिस्री और मिलिंद देवड़ा से मुलाकात, यूएस-भारत साझेदारी पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मुलाकात की। इसके अलावा, गोर और राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा की भी मीटिंग हुई। गोर ने जानकारी दी कि राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा के साथ भारत-अमेरिका साझेदारी को लेकर चर्चा की।
अमेरिकी राजदूत गोर ने राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कर लिखा, "अभी अमेरिका-भारत साझेदारी पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए सांसद मिलिंद देवड़ा से मुलाकात की। हमारे देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ाने के मौकों के बारे में हमारी अच्छी बातचीत की सराहना की।"
उन्होंने विदेश सचिव मिस्री से मुलाकात की तस्वीर साझा कर लिखा कि विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मिलना हमेशा अच्छा होता है।
इससे पहले गोर ने गुरुवार को नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस से मुलाकात की। इस दौरान सर्जियो गोर ने टेड सारंडोस को भारत में नेटफ्लिक्स के दस साल पूरे होने की बधाई दी।
सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "नई दिल्ली में नेटफ्लिक्स के सीईओ टेड सारंडोस से मिलकर बहुत खुशी हुई। भारत में नेटफ्लिक्स के दस साल पूरे होने के मौके पर यह देखना अच्छा लगता है कि अमेरिकी तकनीक और मनोरंजन उद्योग रचनात्मक उत्कृष्टता के लिए दुनिया भर में एक ऊंचा मानक स्थापित कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए नेटफ्लिक्स को हार्दिक बधाई। आपके लिए एक सवाल है, आपकी पसंदीदा नेटफ्लिक्स सीरीज या शो कौन-सा है?"
एक दिन पहले बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने भी नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस से मुलाकात की। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि भारत का मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र अपार संभावनाओं से भरा है। देश की समृद्ध कहानी कहने की परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा भारत को वैश्विक कंटेंट निर्माण का प्रमुख केंद्र बना सकती है।
टेड सारंडोस ने कहा कि भारत हमेशा से दुनिया के महान कहानीकार देशों में रहा है। पिछले एक दशक में भारतीय कहानियों ने न केवल देश बल्कि दुनिया भर के दर्शकों से गहरा जुड़ाव बनाया है। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स का सबसे बड़ा निवेश उन लोगों में होगा, जो भारत की अगली पीढ़ी की कहानियां दुनिया तक पहुंचाएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Aug 2026 11:54 PM IST












